scriptशासन के निर्देश- शहर में रोज पानी दें, लेकिन निगम जवाब नहीं दे पा रहा | municipal Corporation | Patrika News

शासन के निर्देश- शहर में रोज पानी दें, लेकिन निगम जवाब नहीं दे पा रहा

locationभोपालPublished: Feb 11, 2019 01:29:53 am

Submitted by:

Ram kailash napit

बड़े तालाब समेत सभी स्रोतों में घट रहा जल स्तर

news

water crisis

भोपाल. शासन ने राजधानी में रोजाना जलप्रदाय के निर्देश दिए हैं। नगर निगम को इसका पालन करना है और पुष्टि रिपोर्ट नगरीय प्रशासन विभाग के सुपुर्द करना है। निगम के जिम्मेदार इस निर्देश का ईमानदारी से पालन करते हैं तो पुराने शहर में रहने वाली करीब सात लाख आबादी को रोजाना जलापूर्ति हो पाएगी। हालांकि नगर निगम जलकार्य विभाग के अफसर इस निर्देश से पसोपेश में हंै। सात साल से वे पुराने शहर में एक दिन छोड़कर जलापूर्ति कर रहे हैं। फिर भी बाकी शहर के लिए जलापूर्ति समय में दस मिनट की कटौती करना पड़ी। इस साल बड़ा तालाब में बेहद कम पानी बचा है। ऐसे में रोजाना जलप्रदाय के निर्देश का पालन करना फिलहाल निगम के जलकार्य प्रभारियों के लिए बड़ा सिरदर्द बन गया है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ओर से निगम को स्पष्ट कर दिया है कि वह इसे लागू कर रिपोर्ट दें। इसके साथ ही निगम को अपने यहां जल का आकलन करके भी रिपोर्ट देनी है। शासन ने स्पष्ट किया है कि मई, जून में जलप्रदाय की समस्या न हो इसके लिए पूरे इंतजाम किए जाएं।

मंत्री ने बैठक के बाद लिया फैसला
हाल ही में नगरीय प्रशासन मंत्री जयवद्र्धन सिंह ने जनप्रतिनिधियों व निगम अफसरों के साथ जलप्रदाय की बैठक ली थी। इसमें नए व पुराने शहर में जलप्रदाय की अगल-अलग स्थितियों की बात सामने आई थी। इसका ध्यान रखते हुए रोजाना जलप्रदाय के निर्देश दिए गए हैं।

वसूली का दबाव बढ़ेगा
पुराने शहर से निगम प्रशासन जलप्रदाय के एवज में महज 15 फीसदी बिल वसूल पाता है। यहां अवैध नल कनेक्शन की भरमार है। पहले एक दिन छोड़कर जलप्रदाय व्यवस्था में एक माह में पंद्रह दिन पानी देने पर संबंधित क्षेत्रों के जलप्रदाय इंजीनियरों पर वसूली का दबाव ज्यादा नहीं होता था। अब नए शहर की तुलना में ही पुराने से वसूली करने का दबाव होगा।
यह होगा लाभ: रोजाना जलप्रदाय से पुराने शहर की ईदगाह हिल्स से लेकर कोहेफिजा और करोंद, भानपुर तक के लोगों को लाभ होगा। लंबे समय से वे इसकी मांग कर रहे थे।
भोपाल समेत 92 निकायों में एक दिन छोड़कर जलप्रदाय
शासन ने प्रदेश के सभी निकायों को रोजाना जलापूर्ति करने के निर्देश दिए थे। इसमें 7 फरवरी की स्थिति में भोपाल समेत प्रदेश के 92 नगरीय निकायों में एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है।

हम शासन को उपलब्ध जल और आगामी माह में प्रदाय से बनने वाली स्थिति की रिपोर्ट देंगे। पुराने शहर में रोजाना जलप्रदाय के निर्णय पर शासन के निर्देश के अनुसार आगे काम करेंगे।
एआर पंवार, चीफ इंजीनियर जलकार्य विभाग
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो