भोपाल

शुभ योगों के साथ आजादी के पर्व के साथ मनेगी नागपंचमी

– नागपंचमी 15 अगस्त को, घर-घर दीवारों पर भित्ती चित्र बनाकर की जाएगी नागपूजा

भोपालAug 02, 2018 / 07:43 am

Bhalendra Malhotra

शुभ योगों के साथ आजादी के पर्व के साथ मनेगी नागपंचमी

भोपाल. नाग पूजा का पर्व नागपंचमी इस बार कई शुभ योगों के साथ आजादी के पर्व अर्थात स्वतंत्रता दिवस के दिन 15 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन सुबह कुछ पलों के लिए चतुर्थी तिथि रहेगी। उसके बाद पंचमी आएगी, लेकिन शहर के पंडितों का कहना है कि तिथि के लिहाज से इसी दिन नागपंचमी का पर्व मनाया जाएगा। शहर के मंदिरों में भी नागपंचमी का पर्व 15 अगस्त को ही मनाया जाएगा।

इस बार चतुर्थी और पंचमी तिथि 15 अगस्त को सुबह कुछ समय साथ रहेगी। शहर के ज्योतिषाचार्य पं. प्रहलाद पंड्या ने बताया कि चतुर्थी तिथि सुबह 7 बजकर 16 मिनट तक रहेगी, इसके बाद पंचमी तिथि प्रारंभ हो जाएगी। इसलिए 15 अगस्त को ही पंचमी तिथि मान्य करते हुए नागपंचमी मनाई जाएगी। अधिकांश पंचांगों में भी नागपंचमी 15 अगस्त को ही मनाना बताया गया है।

मध्यान्न व्यापिनी पर्व है नागपंचमी
पं. विष्णु राजौरिया के अनुसार इस दिन कुछ समय चतुर्थी तिथि रहेगी, उसके बाद पंचमी लगेगी, लेकिन नागपंचमी उदयाकालिक नहीं बल्कि मध्यान्न व्यापिनी पर्व है। दोपहर में ही इसकी पूजा होती है। इसलिए 15 अगस्त को ही यह पर्व मनाना श्रेयकर रहेगा।
कई शुभ योग रहेंगे विद्यमान
पं. जगदीश शर्मा के अनुसार नागपंचमी के दिन इस बार कई शुभ योग विद्यमान रहेंगे। इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग, रवि योग के साथ आनंद योग भी विद्यमान रहेगा। नागपंचमी के दिन नाग देवता की पूजा का विशेष विधान है। पूरे साल में यह दिन नागदोष, कालसर्प दोष के निवारण के लिए भी विशेष फलदायी माना गया है।
शहर के मंदिरों में भी इसी दिन होंगे आयोजन
शहर के मंदिरों में भी नागपंचमी के आयोजन 15 अगस्त को ही आयोजित किए जाएंगे। लालघाटी स्थित गुफा मंदिर के पं. लेखराज शर्मा ने बताया कि नागपंचमी पर 15 अगस्त को विशेष पूजा अर्चना की जाएगी और भगवान का अलौकिक शृंगार होगा। तलैया स्थित बांके बिहारी मार्कडेंय मंदिर के पं. रामनारायण आचार्य ने बताया कि नागपंचमी पर मंदिर में काली घटा का शृंगार किया जाएगा। इसी तरह शहर के अन्य मंदिरों में भी आयोजन होंगे।
क्या है नागपंचमी का महत्व
पंडितों के अनुसार यह दिन भगवान वासुकी अर्थात शेषनाग की उत्पत्ति का दिन माना जाता है। भगवान शेषनाग जो अपने सिर पर संपूर्ण पृथ्वी का भार उठाए हुए हैं। इस दिन भगवान शेषनाग के प्रतीक स्वरूप नागपूजा का विशेष महत्व माना गया है। संतान की आयुष्य और आरोग्य, अकाल मृत्यु के भय से मुक्ति के लिए भगवान शेषनाग का पूजन किया जाता है। नागपंचमी मनाने का परम्परा प्राचीन समय से चली आ रही है।
 
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.