scriptदेवी मां के लिए निकली चुनरीयात्रा पर हैलीकॉप्टर से बरसाए फूल | navratri 2017 helicopter on mission chunri yatra live | Patrika News

देवी मां के लिए निकली चुनरीयात्रा पर हैलीकॉप्टर से बरसाए फूल

locationभोपालPublished: Sep 25, 2017 02:05:55 pm

शहर के प्रमुख मार्गों से निकली 13000 मीटर लम्बी चुनरी यात्रा, जो 18 किलोमीटर का सफ़र पैदल तय करते हुए खण्डेरा सागर भोपाल राज्यमार्ग पहुंची ।

chunri yatra
विदिशा/रायसेन। सिद्धेश्वरी माता मंदिर से भव्य 165 फीट की चुनरीयात्रा सोमवार को निकाली गई। जो शहर के प्रमुख मार्गोंं से होती हुई खण्डेरा सागर भोपाल राज्यमार्ग पहुंची। इस से पहले इस यात्रा में शामिल होने के लिए सुबह से ही श्रद्धालु एकत्रित होने शुरू हो गए थे।
सबसे पहले सुबह हलाली कॉलोनी स्थित वैष्णव देवी मंदिर से श्रद्धालु 20 धर्मध्वज लेकर और एक रथ पर वैष्णव देवी के विग्रह लेकर गाजे-बाजे के साथ रवाना हुए। यहां से वे सिद्धेश्वरी मंदिर पहुंचे, इसके बाद देवी मां का पूजन किया गया फिर चुनरी यात्रा प्रारंभ हुई। इसके लिए डीजे और 12 ढोल का भी इंतजाम किया गया है।
हैलीकॉप्टर ने बरसाए फूल :
वहीं सोमवार को ही रायसेन में भी दोपहर नपाध्यक्ष,एवम माध्यम ग्रुप के जिला संयोजक जमना सेन एवम मित्र मंडली द्वारा 13000 मीटर लम्बी चुनरी यात्रा निकली गई। यह चुनरी यात्रा जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर का सफ़र पैदल तय
करते हुए खण्डेरा सागर भोपाल राज्यमार्ग पहुंची। यहां देवीभक्तों ने मातारानी छोलीवाली को चुनरी उड़ाई। इस दौरान यात्रा पर हैलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए।
आज है पांचवां नवरात्र यानि मां स्कंदमाता का दिन :-
पंडित सुनील शर्मा के अनुसार नवरात्रि के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा अर्चना की जाती है। स्कंदमाता को सृष्टि की पहली प्रसूता स्त्री माना जाता है। भगवान स्कंद कुमार कार्तिकेय की माता होने के कारण इन्हें स्कंदमाता के नाम से जाना जाता है। स्कंदमाता और भगवान कार्तिकेय की पूजा विनम्रता के साथ करनी चाहिए। पूजा में कुमकुम, अक्षत से पूजा करें। चंदन लगाएं। तुलसी माता के सामने दीपक जलाएं। पीले रंग के कपड़े पहनें।
स्कंदमाता की चार भुजाएं हैं। माता दाहिनी तरफ की ऊपर वाली भुजा से भगवान स्कन्द को गोद में पकड़े हुए हैं। बाईं तरफ की ऊपर वाली भुजा वरमुद्रा में तथा नीचे वाली भुजा जो ऊपर की ओर उठी है, उसमें कमल-पुष्प लिए हुए हैं। कमल के आसन पर विराजमान होने के कारण इन्हें पद्मासना देवी भी कहा जाता है। सिंह इनका वाहन है। शेर पर सवार होकर माता दुर्गा अपने पांचवें स्वरुप स्कन्दमाता के रुप में भक्तजनों के कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहती हैं।
मां को केले का भोग अति प्रिय है। इन्हें केसर डालकर खीर का प्रसाद भी चढ़ाना चाहिए। स्कंदमाता की उपासना से भक्त की सारी इच्छाएं पूरी हो जाती हैं। इसके अलावा जिनके संतान नहीं हैं उन्हें संतान की प्राप्ति होती है। सच्चे मन से मां की पूजा करने से व्यक्ति को दुःखों से मुक्ति मिलकर मोक्ष और सुख-शांति की प्राप्ति होती है।
नवरात्र के पांचवे दिन लाल वस्त्र में सुहाग चिन्ह् सिंदूर, लाल चूड़ी, महावर, नेल पेंट, लाल बिंदी तथा सेब और लाल फूल एवं चावल बांधकर मां की गोद भरने से भक्त को संतान का प्राप्ति होती है।
इस दिन का महत्व:
नवरात्रि-पूजन के पांचवें दिन का शास्त्रों में पुष्कल महत्व बताया गया है। इस चक्र में अवस्थित मन वाले साधक की समस्त बाह्य क्रियाओं एवं चित्तवृत्तियों का लोप हो जाता है। वह विशुद्ध चैतन्य स्वरूप की ओर अग्रसर हो रहा होता है। साधक का मन समस्त लौकिक, सांसारिक, मायिक बंधनों से विमुक्त होकर पद्मासना मां स्कंदमाता के स्वरूप में पूर्णतः तल्लीन होता है। इस समय साधक को पूर्ण सावधानी के साथ उपासना की ओर अग्रसर होना चाहिए। उसे अपनी समस्त ध्यान-वृत्तियों को एकाग्र रखते हुए साधना के पथ पर आगे बढ़ना चाहिए। मां स्कंदमाता की उपासना से भक्त की समस्त इच्छाएं पूर्ण हो जाती हैं।
इस मृत्युलोक में ही उसे परम शांति और सुख का अनुभव होने लगता है। उसके लिए मोक्ष का द्वार स्वमेव सुलभ हो जाता है। स्कंदमाता की उपासना से बालरूप स्कंद भगवान की उपासना भी स्वमेव हो जाती है। यह विशेषता केवल इन्हीं को प्राप्त है, अतः साधक को स्कंदमाता की उपासना की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए।
सूर्यमंडल की अधिष्ठात्री देवी होने के कारण इनका उपासक अलौकिक तेज एवं कांति से संपन्न हो जाता है। एक अलौकिक प्रभामंडल अदृश्य भाव से सदैव उसके चतुर्दिक्‌ परिव्याप्त रहता है। यह प्रभामंडल प्रतिक्षण उसके योगक्षेम का निर्वहन करता रहता है। हमें एकाग्रभाव से मन को पवित्र रखकर माँ की शरण में आने का प्रयत्न करना चाहिए। इस घोर भवसागर के दुःखों से मुक्ति पाकर मोक्ष का मार्ग सुलभ बनाने का इससे उत्तम उपाय दूसरा नहीं है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो