scriptदेवदर्शन के साथ नए साल की सुप्रभात | New Year's2019 Good morning | Patrika News

देवदर्शन के साथ नए साल की सुप्रभात

locationभोपालPublished: Jan 02, 2019 07:31:22 am

Submitted by:

Bharat pandey

देवालयों में सहस्त्रधारा और रुद्राभिषेक के साथ सुख-समृद्धि की कामना, मंदिरों में विशेष शृंगार के साथ अनुष्ठान हुए, श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर किए दर्शन

news

New Year’s2019 Good morning

भोपाल। साल के पहले दिन की शुरुआत शहरवासियों ने देव आराधना, पूजा अर्चना और अनुष्ठान के साथ की। देव दर्शन के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारे लगी रही। मंदिरों में भगवान का सहस्त्रधारा अभिषेक, रूद्राभिषेक सहित कई धार्मिक अनुष्ठान हुए। मंगलवार का दिन होने से हनुमान मंदिरों में भी विशेष शृंगार और धार्मिक अनुष्ठान किए गए और नए साल पर सुख, समृद्धि की कामना की गई।

बिड़ला मंदिर: खोलने पड़े तीनों गेट
शहर के लक्ष्मीनारायण बिड़ला मंदिर के पट सुबह से रात्रि तक दर्शनार्थियों के लिए खुले रहे, यहां दर्शन के लिए करीब 80 हजार श्रद्धालु पहुंचे। यहां भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा मंदिर के तीनों गेट खोलकर दर्शनार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा था। आम दिनों में यहां एक मुख्य द्वार (पूर्वी गेट) से ही मंदिर में दर्शनार्थी प्रवेश करते हैं। मंदिर प्रबंधक केके पांडेय ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे से मंदिर का दक्षिणी द्वार खोल दिया गया था, इसी प्रकार शाम को भीड़ और अधिक बढऩे के कारण उत्तरी गेट भी खोल दिया गया। मंदिर के बाहर मेले जैसा नजारा दिखाई दिया।

 

गुफा मंदिर: सहस्त्रधारा अभिषेक
लालघाटी स्थित गुफा मंदिर में नववर्ष के पहले दिन हनुमानजी का सहस्त्रधारा अभिषेक किया गया। साथ ही जगत कल्याण, विश्व शांति, सुख और समृद्धि की कामना की। मंदिर के पट सुबह से रात्रि तक खुले रहे और यहां पूरे दिन दर्शनार्थियों की भारी भीड़ लगी रही। यहां विधि एवं विधायी मंत्री पीसी शर्मा ने भी पहुंचकर अभिषेक किया। मंदिर में पूरे दिन मेले जैसा माहौल रहा।

 

दादाजी धाम: भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक
रायसेन रोड स्थित दादाजी धाम मंदिर में भी नए साल का स्वागत विशेष पूजा अर्चना और आराधना के साथ किया गया। यहां भगवान भोलेनाथ का रूद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान विश्व जनकल्याण, शांति और सभी की मनोकामना पूर्ति के लिए अनुष्ठान, अभिषेक, पूजा, आरती हुई। इसके बाद प्रसाद वितरण हुआ।

बालाजी मंदिर में सुदर्शन हवन
रायसेन रोड सज्जन सिंह नगर स्थित एनआरआई संस्थान स्थित लक्ष्मी पद्मावती वेंकटेश बालाजी हनुमानजी एवं गरुण मंदिर में नववर्ष के उपलक्ष्य में विशेष पूजा का आयोजन किया गया। इस मौके पर भगवान बालाजी का आकर्षक शृंगार किया गया। इसके बाद सुदर्शन हवन का आयोजन किया गया। इस मौके पर विधायक कृष्णा गौर भी उपस्थित थी।

इन मंदिरों में भी पहुंचे श्रद्धालु
नववर्ष पर शहर के अधिकांश मंदिरों में भीड़ भाड़ का आलम नजर आया। सुबह से ही मंदिरों में घंटियों की सुमधुर ध्वनि के साथ भगवान के जयकारों की स्वरलहरियां गूंज रही थी। शहर के काली मंदिर, दुर्गाधाम मंदिर अशोक विहार, भवानी मंदिर सोमवारा, बड़वाले महादेव मंदिर, मरघटिया मंदिर, माता मंदिर, हनुमान मंदिर 1100 क्वार्टर, साई मंदिर 1100 क्वार्टर, महालक्ष्मी मंदिर नेहरू नगर, पिपलेश्वर मंदिर नेहरू नगर , खेड़ापति हनुमान मंदिर सहित अन्य मंदिरों में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ रही।

 

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो