scriptप्रशासन आज से 50 रुपए प्रति किलो बेचेगा प्याज | onion | Patrika News

प्रशासन आज से 50 रुपए प्रति किलो बेचेगा प्याज

locationभोपालPublished: Nov 14, 2019 12:54:29 am

Submitted by:

Ram kailash napit

कलेक्टर ने बुलाई बैठक: प्याज व्यापारियों को दिए निर्देश, ताकि जनता को मिले राहत

meeting

meeting

भोपाल. शहर में प्याज की आसमान छूती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन को मोर्चा संभालना पड़ा है। वह अब खुद के स्टॉल लगाकर 50 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से प्याज बेचेगा। ये स्टॉल कोलार, पिपलानी, बैरागढ़ और बिट्टन मार्केट में लगाए जाएंगे, जहां प्रशासनिक अमला अपनी निगरानी में प्रति व्यक्ति दो किलो प्याज देगा। जिला प्रशासन के चारों काउंटर गुरुवार से संचालित किए जाएंगे। काउंटर दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यहां पर पॉलिथिन में प्याज नहीं मिलेगी साथ में कपड़े का थैला लाना अनिवार्य है।
बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्याज व्यापारियों की बैठक बुलाई गई, जिसमें कलेक्टर ने नए आदेश और व्यवस्था की जानकारियां दीं। जिला प्रशासन के हर काउंटर पर प्रभारी अधिकारी के साथ सात कर्मचारियों की टीम रहेगी। कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने प्याज भंडारण को लेकर भी आदेश जारी किए। जिले में थोक प्याज व्यापारियों के गोदाम में अधिकतम भंडारण क्षमता 500 क्विंटल और फुटकर व्यापारियों के लिए यह क्षमता 100 क्विंटल तय कर दी गई है। पिथोड़े ने बताया कि बाजार में प्याज के दाम 80 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं, जिसे नियंत्रित करने के लिए भोपाल के प्याज व्यापारियों से चर्चा की जा रही है।
महाराष्ट्र की खेप का है इंतजार
बैठक में व्यापारियों ने कलेक्टर पिथोड़े को बताया कि महाराष्ट्र की मंडियों से प्याज की नई खेप आने लगी है। इंदौर में सप्लाई भी हो रही है, लेकिन भोपाल में दिसंबर तक आवक शुरू होगी। दिसंबर के पहले हफ्ते तक प्याज की सप्लाई प्रभावित रहेगी। थोक व्यापारियों के मुताबिक गोदामों में पुराना माल लगभग खत्म है, नया आने तक किल्लत रहेगी। भोपाल में प्रतिदिन महाराष्ट्र से एक ट्रक प्याज पहुंच रही है। इंदौर में दो से तीन ट्रक प्याज प्रतिदिन आ रही है।
फुटकर प्याज 80 रुपए तक बिकी
शहर की मंडियों में प्याज थोक रेट पर 34 से 40 रुपए किलो तक बेची जा रही है। थोक में प्याज खरीदी के लिए कम से कम एक क्विंटल प्याज खरीदना जरूरी है। छोटे व्यापारी क्वालिटी के हिसाब से यही प्याज 70 से 80 रुपए प्रति किलो तक बेच रहे हैं। गीली प्याज 60 रुपए तक बेची जा रही है जबकि छोटी प्याज की कीमत 50 रुपए तक है।

शहर में खोले चार काउंटर, नियुक्ति किए अफसर
स्थान अधिकारी मोबाइल नंबर
बैरागढ़ मुख्य सब्जी मंडी संतोष उइके 9981475889
बिट्टन मार्केट मुख्य सब्जी मंडी अरुणेश पटेल 9981097922
भेल पिपलानी पेट्रोल पंप एसएस गिल 9425302537
सर्वधर्म कॉलोनी, कोलार प्रताप सिंह 8770275168

प्याज के दाम नियंत्रित करने सरकारी काउंटर से इसे कंट्रोल रेट पर बेचा जाएगा। दिसंबर के पहले सप्ताह से आपूर्ति बहाल होने तक भंडारण क्षमता का प्रतिबंध लागू रहेगा।
तरुण पिथोड़े, कलेक्टर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो