scriptMP कैडर के IAS ओपी रावत होंगे देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त | OP Rawat will be the new Chief Election Commissioner of India | Patrika News

MP कैडर के IAS ओपी रावत होंगे देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त

locationभोपालPublished: Jan 04, 2018 03:19:02 pm

इस पद तक पहुंचने वाले एमपी कैडर के पहले अफसर ओपी रावत हैं। उनका कार्यकाल 11 महीने का रहेगा।

OP Rawat-IAS

भोपाल। मध्यप्रदेश में वर्ष 2018 यानि इसी साल चुनाव होने हैं। इसी के चलते जहां एक ओर विभिन्न राजनैतिक दल तैयारियों में जुट गए हैं। वहीं इसी बीच MP के एक और सीनियर अफसर को देश की एक बड़ी जिम्मेदारी मिलने जा रही है।

जानकारी के अनुसार एमपी कैडर के 1977 बैच के आईएएस अफसर ओपी रावत देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे। ओपी रावत 23 जनवरी को पदभार ग्रहण करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त अचल कुमार ज्योति इसी महीने सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी जगह सबसे वरिष्ठ चुनाव आयुक्त ओपी रावत इस पद की जिम्मेदारी को संभालेंगे।

इस पद तक पहुंचने वाले एमपी कैडर के पहले अफसर ओपी रावत हैं। उनका कार्यकाल 11 महीने का रहेगा। उनके कार्यकाल में मध्य प्रदेश , राजस्थान, छत्तीसगढ़, कर्नाटक के अलावा पूर्वोत्तर के कई राज्यों में चुनाव के बाद दिसंबर 2018 में वे सेवानिवृत्त हो जाएंगे।

मध्य प्रदेश में आदिम जाति कल्याण, वाणिज्यिक कर और आबकारी विभाग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवाएं दे चुके ओपी रावत 2013 में सेवानिवृत्त हो गए थे। उन्हें सरकार ने अगस्त 2015 में चुनाव आयोग में आयुक्त पद से नियुक्त किया था।

हाल ही में एमपी कैडर की स्नेहलता श्रीवास्तव लोकसभा की पहली महिला महासचिव नियुक्त हुईं हैं। इस पद पर उनका कार्यकाल 1 दिसंबर 2017 से 30 नवंबर 2018 तक है।

इधर,महाराष्ट्र हिंसा की आंच एमपी तक पहुंची :-
महाराष्ट्र के भीमा-कोरेगांव में हुई हिंसा की चिंगारी अब मध्यप्रदेश तक भी आ चुकी है,इसी के चलते घटना के विरोध में गुरुवार को मध्य प्रदेश का बुरहानपुर शहर बंद रहा। दलित संगठनों और कांग्रेस के आह्वान पर बुलाए गए बंद के दौरान अज्ञात लोगों ने बस स्टैंड पर 10 से ज्यादा बसों में तोड़फोड़ की।

दरअसल, मध्य प्रदेश का बुरहानपुर जिला महाराष्ट्र की सीमा से सटा हुआ है। महाराष्ट्र में हुई हिंसा के विरोध में बुधवार को जिले का नेपानगर कस्बा पूरी तरह से बंद रहा था। एक दिन बाद दलित संगठनों और कांग्रेस के आह्वान पर बुरहानपुर भी मुकम्मल बंद है।

इसके चलते बुरहानपुर शहर के बाजार में गुरुवार को सन्नाटा पसरा हुआ रहा। वहीं महाराष्ट्र जाने वाली बसों की आवाजाही पूरी तरह से बंद है। इसके बावजूद कुछ लोगों ने बस स्टैंड पर खड़ी 10 से ज्यादा बसों में तोड़फोड़ कर दी। इस घटना के बाद शहर में सख्ती बढ़ा दी गई है। सभी संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

यात्री बसों के पहिए थमने की वजह से महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में लोग बस सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं शहर के अलावा महाराष्ट्र की सीमा पर भी पुलिस ने ऐहतियातन गश्त बढ़ा दी है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो