scriptधरने पर सांसद के साथ बैठे 37 समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस | police lodged FIR against bjp leaders | Patrika News

धरने पर सांसद के साथ बैठे 37 समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस

locationभोपालPublished: Dec 09, 2019 10:37:21 am

सांसद प्रज्ञा ठाकुर द्वारा ब्यावरा विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होने के बाद थाने के सामने धरने पर बैठने का मामला

pragya thakur

pragya thakur

भोपाल। बीजेपी पार्षद रवींद्र यती समेत 37 कार्यकर्ताओं के खिलाफ कमला नगर पुलिस ने हंगामा करने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। यह मामला पुलिस ने सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के साथ शनिवार को कमला नगर थाने पहुंचे कार्यकर्ताओं पर दर्ज किया है। महिला कार्यकर्ता राधा सेंगर पर थाने में चूड़ी फेंकने का प्रयास और पार्षद यती पर वर्दी उतरवाने की धमकी देने पर दर्ज हुआ है। पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों और 25 अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।

शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई
पुलिस के मुताबिक शनिवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के साथ उक्त कार्यकर्ता थाने पहुंचे थे। सांसद कांग्रेस के विधायक गोवर्धन दांगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराना चाहती थी। इसके चलते वे करीब दो घंटे धरने पर बैठीं रहीं। इस बीच कार्यकर्ताओं ने थाने में हंगामा किया और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।


पुलिस ने पार्षद रवींद्र यती, राधा सेंगर, नसरीन, प्रीति जैन, जयश्री, ममता सेन, चंद्रशेखर तिवारी, मुकेश, डिम्पल, लीलाधर यादव, राम, राजेश पाठक समेत 20-25 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

प्रज्ञा के धरने से संगठन भी नाराज
ब्यावरा विधायक गोवर्धन दांगी के खिलाफ कमलानगर थाने के सामने धरने पर बैठने के मामले में सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर से संगठन एक बार फिर नाराज है। पार्टी के बड़े नेताओं से सांसद ने धरने पर बैठने से पूर्व चर्चा नहीं की थी।

मामले को प्रदेश संगठन को अवगत कराया
जिलाध्यक्ष विकास विरानी के मुताबिक इस मामले में उन्हें केवल एफआईआर दर्ज कराने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचने की जानकारी दी गई थी। थाने पहुंचने पर विवाद की स्थिति बनी जिसके बाद सांसद धरने पर बैठ गईं। चूंकि वे भी मौके पर मौजूद थे इसलिए मौके पर रुके रहे। विरानी ने कहा कि प्रदेश संगठन को मामले की पूरी जानकारियां दे दी गईं हैं और सांसद ने भी इस मामले में प्रदेश संगठन को अवगत कराया है।

भाजपा से कोई भी नेता शामिल नहीं हुआ
उल्लेखनीय है कि सांसद के प्रदर्शन में जिला भाजपा से कोई भी नेता शामिल नहीं हुआ। बड़े नेताओं ने भी थाने के घेराव की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचने से इंकार कर दिया था।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो