प्रदेश कांग्रेस ने जिला अध्यक्षों से कहा है कि वे जिला स्तर पर वचन-पत्र तैयार करें और इसे जिला स्तर पर जारी किया जाए। नगर निगम स्तर पर वचन पत्र होगा। कांग्रेस का प्रदेश स्तर पर वचन-पत्र जारी करने का फिलहाल कोई इरादा नहीं है।
बड़े दल शहर को सुंदर बनाने, आमजन को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर फोकस कर रहे हैं, वहीं आम आदमी पार्टी 'आप' ने एक कदम आगे बढ़कर लोगों को राहत देने का निर्णय लिया है। पार्टी का वादा है कि यदि उसकी नगर सरकार बनती है तो प्रॉपर्टी टैक्स माफ होगा, कमर्शियल टैक्स हाफ किया जाएगा। टैक्स की मार झेल रहे आमजन के लिए यह सबसे बड़ी राहत होगी।
सपाक्स : घोषणा-पत्र पर मंथन
निकाय चुनाव के लिए कमर कस चुकी सपाक्स पार्टी ने घोषणा पत्र पर मंथन शुरू किया है। प्रदेश अध्यक्ष सुरेश शुक्ला ने बताया कि पार्टी पूरे प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव लड़ेगी। जल्द ही घोषणा पत्र जारी किया जाएगा, जो सभी दलों से हटकर और जनता की इच्छा के अनुरूप होगा। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. वीणा घाणेकर के मुताबिक, नगरीय निकायों में उनकी पार्टी का जोर सुशासन पर होगा। जनता की समस्याओं का तत्काल निराकरण हो और निकायों के काम भ्रष्टाचार से मुक्त हों, यह हमारा मिशन होगा।
अनारक्षित पदों पर सामान्य अभ्यर्थियों को उतारेंगे: राष्ट्रीय अध्यक्ष त्रिवेदी
मध्यप्रदेश में सपाक्स नगरीय निकाय चुनाव में सभी अनारक्षित पदों पर सामान्य उम्मीदवार उतारेगी। सपाक्स पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हीरालाल त्रिवेदी ने शनिवार को मध्यप्रदेश इकाई की पार्टी की कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जातिवाद की गूंज है, भाजपा हो या कांग्रेस सभी ओबीसी की रट लगाए हुए हैं। सामान्य वर्ग को पूरी तरह उपेक्षित किया जा रहा है। सरकार व राजनीतिक दलों को सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहिए।