भोपाल

शहीद चंद्रशेखर आजाद की जगह पूर्व सीएम की प्रतिमा लगाने पर सियासी बवाल

शहीद के अपमान से मप्र शर्मिंदा: शिवराज, प्रतिमा तो निगम लगवा रहा है: गोविंद सिंह

भोपालNov 11, 2019 / 11:23 am

Sumeet Pandey

शहीद चंद्रशेखर आजाद की जगह पूर्व सीएम की प्रतिमा लगाने पर सियासी बवाल,शहीद चंद्रशेखर आजाद की जगह पूर्व सीएम की प्रतिमा लगाने पर सियासी बवाल

भोपाल. लिंक रोड पर नानके पेट्रोल पम्प के सामने से हटाई गई शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा की जगह पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगाने के मामले में भाजपा-कांग्रेस नेता आमने-सामने आ गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के साथ ऐसे कृत्य से मध्यप्रदेश शर्मिंदा है। वहीं कुछ अन्य संगठन भी विरोध में उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिमा लगानी है तो कहीं ओर लगाई जाए। इधर, कांग्रेस सरकार में सामान्य प्रशासन मंत्री गोविंद सिंह ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि हम प्रतिमा लगाते हैं जबकिभाजपा प्रतिमा का विध्वंस करती है, दोनों पार्टियों में यही अंतर है। प्रतिमा तो नगर निगम लगवा रहा है, और निगम भाजपा का है।
भाजपा विधायक विश्वास सारंग ने कहा कि शहीद की प्रतिमा हटाने के बाद उसी जगह पर अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगाना शहीद का अपमान है। संस्कृति बचाओ मंच के चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि प्रस्ताव में व्यापमं चौराहे से कांग्रेस कार्यालय तक प्रतिमा स्थापना की बात कही है, लिहाजा तय स्थान पर ही प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए।
मालूम हो कि लिंक रोड नंबर एक बीआरटीएस प्रोजेक्ट में शामिल है और इसे शहर का ओपन बीआरटीएस करार दिया गया। नानके पेट्रोल पंप के सामने आजाद की प्रतिमा सड़क के कॉर्नर पर शिफ्ट की थी। अब उसी जगह पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा स्थापित कर दी गई।
इसके लिए दोषियों को कड़ी सजा दें
महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के साथ ऐसा कृत्य, मध्यप्रदेश शर्मिंदा है। इस दुस्साहस के लिए दोषियों को तत्काल कड़ी से कड़ी सजा और उचित सम्मान के साथ मां भारती के सपूत की प्रतिमा पुन: स्थापित हो, अन्यथा देश स्वयं को कभी माफ नहीं कर सकेगा।
शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री (ट्विट)

यह शहीद चंद्रशेखर का अपमान है
प्रदेश सरकार की भक्ति में अधिकारी महापुरुषों को भी भूल गए हैं। यह घोर लापरवाही और शहीद चंद्रशेखर आजाद का अपमान है। सरकार के पास शहर में ओर भी जगह हैं पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा लगाने के लिए, लेकिन यह कृत्य बताता है कि सरकार के पास शहीद के सम्मान के लिए जगह नहीं है।
गोपाल भार्गव नेता प्रतिपक्ष

हम निर्माण करते हैं और वे विध्वंस
हम प्रतिमा लगाते हैं भारतीय जनता पार्टी प्रतिमा का विध्वंस करती है, दोनों पार्टियों में यही अंतर है। अर्जुन सिंह एक ऐसे नेता हैं जिन्होंने देश प्रदेश के लिए काम किया है। इसलिए उनकी प्रतिमा लगाई जा रही है। ये प्रतिमा नगर निगम लगा रहा है और नगर निगम भाजपा की है।
डॉ. गोविंद सिंह सामान्य प्रशासन मंत्री

भोपाल में धारा 144 लगी होने के कारण आगामी 11 नवंबर को आयोजित अर्जुन सिंह की मूर्ति के अनावरण का कार्यक्रम स्थगित हो गया है। अगले 3-4 दिन पर बाद कार्यक्रम तय होने पर जानकारी दी जाएगी।
अजय सिंह, वरिष्ठ नेता,कांग्रेस

भोपाल में अर्जुन सिंह जी की प्रतिमा अवश्य लगनी चाहिए, लेकिन महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को हटाकर नहीं! यह दुस्साहस जिसने भी किया है,उसे क्षमा मांगनी चाहिए, मुख्यमंत्री कमलनाथ और महापौर आलोक शर्मा इस पर स्वत: संज्ञान लेंगे ऐसी अपेक्षा है।
लोकेंद्र पाराशर, प्रदेश संवाद प्रमुख,भाजपा
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.