scriptप्रियंका चतुर्वेदी के हाथ आई कांग्रेस की कमान… | Priyanka Chaturvedi has Congress command | Patrika News

प्रियंका चतुर्वेदी के हाथ आई कांग्रेस की कमान…

locationभोपालPublished: Oct 11, 2018 07:45:58 am

मध्यप्रदेश में प्रियंका तो छत्तीसगढ़ में जयवीर…

priyanka chaturvedi congress

प्रियंका चतुर्वेदी के हाथ आई कांग्रेस की कमान…

भोपाल। कांग्रेस ने चुनावी राज्यों के लिए अपने मीडिया प्रभारी घोषित कर दिए हैं। पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी को मध्यप्रदेश का मीडिया प्रभारी बनाया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ की कमान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल को सौंपी गई है।
इसी तरह दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पूर्व राजनीतिक सलाहकार पवन खेड़ा राजस्थान के मीडिया प्रभारी होंगे। तेलंगाना के लिए कर्नाटक के सांसद नासिर हुसैन और मिजोरम के लिए प्रोफेशनल कांग्रेस की उत्तर-पूर्व प्रभारी जरिता लैतफलांग को यह जिम्मेदारी दी गई है।
मीडिया संयोजकों की भी नियुक्ति…
पार्टी ने मीडिया प्रभारी के साथ ही मीडिया संयोजकों की भी नियुक्ति की है। मध्यप्रदेश में संजीव सिंह और अभय दुबे मीडिया संयोजक बनाए गए हैं। छत्तीसगढ़ में संयोजक के तौर पर राधिका खेड़ा को तैनात किया गया है। इसी तरह राजस्थान में संयोजक की जिम्मेवारी रोहन गुप्ता को दी गई है।
इधर, सीटों का घमासान शुरू –
वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश कांग्रेस के टिकट बंटवारे को लेकर बड़े नेताओं में सहमति न बनने से उम्मीदवार चयन में लगातार देरी हो रही है। बुधवार को हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में 12 अक्टूबर को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने की संभावना जताई गई। उम्मीद है कि 12 को ही उम्मीदवारों की पहली सूची आ सकती है। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश के मालवा क्षेत्र की सीटों को लेकर ज्यादा जोर आजमाइश चल रही है।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया मालवा से ज्यादा सीटों का दावा कर रहे हैं, जबकि प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और समन्वय समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह इससे सहमत नहीं हैं।
वहीं कई चुनावी रैलियों में सिंधिया द्वारा उम्मीदवारों की सूची आने से पहले ही मंच से कुछ नेताओं की उम्मीदवारी घोषित करने का मामला भी दिल्ली पहुंच गया है।
इधर, भाजपा की छह फायरब्रांड नेत्रियां उतरेंगी मैदान में

राजमाता विजयाराजे सिंधिया की 125वीं जयंती पर भाजपा छह फायरब्रांड नेत्रियों को मैदान में उतार रही है। 12 अक्टूबर को ये नेत्रियां अलग-अलग शहरों में कमल शक्ति संवाद के जरिए महिला वोटरों से रूबरू होंगी। भाजपा तेजतर्राट नेत्रियों से महिला वोटरों में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है।
कार्यक्रम के तहत केंद्रीय मंत्री उमा भारती सागर, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी इंदौर, राष्ट्रीय प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी जबलपुर, केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति छिंदवाड़ा, राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडे उज्जैन और यूपी की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी रीवा में महिलाओं से संवाद करेंगी।
इधर, महिला मोर्चा की 12 से 16 अक्टूबर तक होने वाली मैराथन दौड़ के दौरान नेत्रियां गांवों में महिलाओं के साथ रसोई पर चर्चा कर विधानसभा चुनाव के साथ मिशन 2019 के लिए माहौल बनाएंगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो