script

12 हज़ार कांग्रेसियों से संवाद करेंगे राहुल गांधी

locationभोपालPublished: Sep 07, 2018 10:39:16 am

Submitted by:

KRISHNAKANT SHUKLA

17 सितंबर को भोपाल आएंगे राहुल गांधी , 12 हजार कांग्रेसियों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, रोड शो के साथ भेल दशहरा मैदान पहुंचेगा काफिला – 17 सितंबर को भोपाल आएंगे राहुल गांधी – रोड शो के साथ शुरु हो जाएगा कांग्रेस का चुनाव प्रचार

भोपाल : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भोपाल में 12 हजार कांग्रेस नेताओं से सीधा संवाद करने वाले हैं। पीसीसी को अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक राहुल 17 सितंबर को विशेष विमान से सुबह १० बजे भोपाल पहुंचेंगे। लालघाटी से उनका रोड शो शुरु होगा जो रायल मार्केट, कमला पार्क से होते हुए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने से भेल दशहरा मैदान पहुंचेगा। राहुल के इस रोड शो में प्रदेश भर के कार्यकर्ता शामिल होंगे।

राहुल के इस रोड शो से कांग्रेस चुनाव का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है,एेसा माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए कांग्रेस का औपचारिक शुरुआत होगी। कांग्रेस को उम्मीद है कि इस कार्यक्रम के बाद सारे कार्यकर्ता पार्टी की जीत के लिए चुनाव प्रचार में लग जाएंगे। राहुल गांधी का फायनल प्रोग्राम आना अभी बाकी है। आठ सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया पीसीसी में बैठक कर भोपाल के कार्यक्रम को अंतिम रुप देंगे।

कांग्रेस पदाधिकारियांे से राहुल करेंगे संवाद – भेल दशहरा मैदान में राहुल गांधी कांग्रेस नेताओं से संवाद करेंगे। इसमें प्रदेश पदाधिकारी, एआईसीसी और पीसीसी डेलीगेट्स, जिला और ब्लॉक के पदाधिकारी, फ्रंटल आर्गनाइजेशन के पदाधिकारी शामिल होंगे। इस संवाद कार्यक्रम में राहुल गांधी को प्रदेश में चुनाव से संबंधित सारी तैयारियों की जानकारी ग्राउंड रिपोर्ट के साथ दी जाएगी।

राहुल पदाधिकारियों से चुनाव की तैयारियों से संबंधित सवाल भी पूछ सकते हैं। ये बैठक करीब दो घंटे तक चलेगी। इस कार्यक्रम के बाद राहुल भोपाल से रवाना हो जाएंगे। पीसीसी ने इस मैदान में कार्यक्रम की अनुमति के लिए भेल प्रशासन को आवेदन भी सौंप दिया है, अभी अनुमति मिलना बाकी है, पीसीसी मोतीलाल नेहरु स्टेडियम में भी कार्यक्रम करने पर विचार कर रही है।

8 सितंबर को आएंगे दिग्विजय – समन्वय समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ८ सितंबर को भोपाल आएंगे, वे ११ सितंबर तक भोपाल में रहेंगे। इस दौरान वे वीआईपी गेस्ट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। दिग्विजय के चार दिन के भोपाल दौरे के लेकर उनके समर्थक सक्रिय हो गए हैं। पीसीसी की कोशिश राहुल के दौरे से पहले उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने की है।

– राहुल गांधी के भोपाल दौरे की तैयारियां की जा रही हैं, उनका अभी फायनल प्रोग्राम नहीं आया है, आठ तारीख को इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष बैठक कर कार्यक्रम तय करेंगे। – चंद्रप्रभाष शेखर प्रदेश संगठन प्रभारी,कांग्रेस –

ट्रेंडिंग वीडियो