दिल बहलाने के लिए गालिब खयाल अच्छा है: शिवराज
भोपाल. कमलनाथ ने बुधवार को छिंदवाड़ा में मीडिया से चर्चा में कहा था कि उपचुनाव में कांग्रेस 20-22 सीटें जीतने वाली है। इसके जवाब में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दिल को बहलाने के लिए गालिब खयाल अच्छा है। उन्होंने गुरुवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि उन्होंने प्रदेश को तबाह और बर्बाद किया है। मध्यप्रदेश जैसे राज्य को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। बड़े-बड़े वादे कर जनता को धोखा दिया है। जनता के कल्याण की सारी योजनाएं बंद करने वाले यदि इस तरह के दावे करेंगे तो हंसी के अलावा और क्या आ सकता है। शिवराज ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की असलियत इन सवा साल में बहुत अच्छी तरह से समझ गई और अब वह इनके झांसे में आने वाली नहीं है।
कांग्रेस उपचुनाव में 20-22 सीटें जीतेगी। हर सीट पर जिताऊ उम्मीदवारों को ही टिकट दिया जाएगा। जीत की हर संभावना तलाशकर ही उम्मीदवार बनाए जाएंगे। जनता के सामने भाजपा फिर मुंह की खाएगी।
– कमलनाथ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष