scriptबीजेपी ऑफिस में पूजा पाठ कर नए प्रदेश अध्यक्ष ने किया पदभार ग्रहण | Rakesh Singh appointed MP BJP State President | Patrika News

बीजेपी ऑफिस में पूजा पाठ कर नए प्रदेश अध्यक्ष ने किया पदभार ग्रहण

locationभोपालPublished: Apr 19, 2018 12:31:29 pm

नए प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने पूजा पाठ कर पदभार ग्रहण किया

news

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बीजेपी कार्यालय में गुरुवार को नए प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने पूजा पाठ करके पदभार ग्रहण किया। बीते बुधवार को ही जबलपुर सांसद राकेश सिंह को नंदकुमार सिंह चौहान की जगह पार्टी अध्यक्ष की कमान सौंपी गई। आगामी विधानसभा में पार्टी को दोबारा सत्ता में लाने के लिए नंदकुमार सिंह चौहान से पिछले दिनों इस्तीफा लिया गया था। जिसके बाद अरुण सिंह राष्ट्रीय महासचिव और बीजेपी मुख्यालय प्रभारी नई दिल्ली की ओर से बीते बुधवार को एक पत्र जारी कर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा राकेश सिंह को मप्र का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय की जानकारी दी गई।

230 सीटें जीतने का लक्ष्य

प्रदेश के नए बीजेपी अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा सीएम शिवराज चौहान के नेतृत्व में पार्टी 2018 के चुनाव अवश्य रुप से जीतेगी। भाजपा के एजेंडे के बारे में उन्होंने कहा, हमारी पार्टी 230 सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इस दौरान राकेश सिंह ने पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के कामकाज की भी जमकर तारीफ की थी।

news
75 पार का कोई फॉर्मूला नहीं

पत्रिका के सवाल, सत्ता संगठन अच्छा काम कर रहे हैं तो लगातार उपचुनाव क्यों हारे? तो नए प्रदेश अध्यक्ष राकेश ने कहा, जहां हम हारे हैं, वहां हमारी पार्टी पहले से ही नहीं थी। चित्रकूट तो हम एक ही बार जीते हैं। लोकतंत्र में कभी ऐसा नहीं होता कि सारे के सारे चुनाव आप ही जीतें।
सवाल- क्या आप अपनी नई टीम बनाएंगे?
राकेश- अभी तो यही टीम काम करेगी।

सवाल- पार्टी में अनुशासनहीनता के कई मामले सामने आते हैं? आप कैसे नियंत्रण करेंगे?
राकेश- पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए एक समान नियम हैं। सभी को अनुशासन में रहना होगा।
सवाल- टिकट वितरण में 75 पार का फॉर्मूला लागू करेंगे?
राकेश- मेरे सामने ऐसा कोई विषय फिलहाल नहीं आया कि एेसा निर्णय संगठन करें।

सवाल- नंदकुमार को कार्यकाल पूरा होने से नौ महीने पहले हटाने की क्या जरूरत पड़ी? क्या कोई विवाद या दबाव था?
राकेश- नंदू भैया लंबे समय से कह रहे थे कि वो अपने संसदीय क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। पार्टी ने उनकी इच्छा का सम्मान किया है। कोई विवाद या दबाव नहीं था।
सवाल- पार्टी का नियम एक व्यक्ति एक पद है। आपके पास कई जिम्मेदारियां हैं। क्या करेंगे?
राकेश- मेरा पूरा फोकस मध्यप्रदेश पर ही रहेगा। महाराष्ट्र की जिम्मेदारी मेरे पास नहीं रहेगी। एेसा मैं मानता हूं।
सवाल- बहुत सारे नाम चल रहे थे। क्या आप एक विकल्प के रूप में आए हंै?
राकेश- नहीं, सब स्पष्ट है। व्यक्ति बदलने से संगठन का कार्य नहीं बदलता है। मध्यप्रदेश में अगला चुनाव शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
सवाल- देश में सामने आए वर्ग संघर्ष और प्रदेश में हुई घटनाएं क्या पार्टी के लिए चुनौती होंगी?
राकेश- मैं पूरे देश के लिए इसे गंभीर विषय मानता हूं। यह राजनीति का विषय नहीं है। इस मामले में नेताओं, जनता और मीडिया को सावधानी से आगे बढऩा चाहिए।
न मैं खुश हूं, न मुझे मलाल है, यह दुनिया निराली है : नंदकुमार
सवाल- आप चार साल अध्यक्ष रहे, सबसे बड़ी उपलब्धि क्या मानते हैं?
नंदकुमार- मेरे काम का आंकलन मैं खुद करूं यह उचित नहीं है। पार्टी मेरे काम का आकलन करेगी। मैं इस पर कोई कमेंट नहीं करूंगा। मैं तो परीक्षार्थी हूं। परीक्षा लेने वाले देखेंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो