scriptFB LIVE: विरोधियों के एकजुट होने का मतलब है हमारी मजबूती – राकेश सिंह | rakesh singh live on facebook | Patrika News
भोपाल

FB LIVE: विरोधियों के एकजुट होने का मतलब है हमारी मजबूती – राकेश सिंह

राकेश सिंह भी प्रदेश अध्यक्ष पद संभालने के बाद कार्यकर्ताओं से मुलाकात करना चाह रहे थे, लिहाजा उन्होंने इसके लिए सोशल मीडिया का रास्ता चुना।

भोपालMay 24, 2018 / 07:33 pm

rishi upadhyay

Rakesh singh

FB LIVE: विरोधियों के एकजुट होने का मतलब है हमारी मजबूती – राकेश सिंह

भोपाल। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष राकेश सिंह ने फेसबुक लाइव के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। दरअसल केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में पार्टी में इन दिनों उत्सव का माहौल है। वहीं राकेश सिंह भी प्रदेश अध्यक्ष पद संभालने के बाद कार्यकर्ताओं से मुलाकात करना चाह रहे थे, लिहाजा उन्होंने इसके लिए सोशल मीडिया का रास्ता चुना। अपने सम्बोधन में राकेश सिंह ने कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए उन्हें देव दुर्लभ बताया। राकेश सिंह ने चौथी बार मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का दावा किया, और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए कमर कस लेने की नसीहत भी दी।

उन्होंने कहा कि भाजपा में हमेशा से ही देश को सर्वस्व प्रदान करने की परम्परा रही है, और इसी परम्परा के कारण आज देशभर में भाजपा ही भाजपा दिखाई दे रही है। साधारण कार्यकर्ता का उत्साह और पार्टी के लिए उसका भाव ही है, जिसकी वजह से पार्टी मध्यप्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने जा रही है।

पिछली कांग्रेस सरकार पर एक बार आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से पहले मध्यप्रदेश अंधकार, खराब सड़कों के लिए जाना जाता था, लेकिन आज भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता किसी भी मंच पर खड़े होकर कह सकता है कि इस प्रदेश के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी शिवराज सरकार ने उठाई हुई है। वो भी परिवार भाव से। गरीब के इलाज की चिन्ता हो, बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराना हो या हर बच्चे को शिक्षा दिलाने की बात हो, प्रदेश की जनता के सरोकार से जुड़ी हर बात को पूरा करना भाजपा सरकार का ध्येय बन चुका है।

उन्होंने राज्य के अलावा केन्द्र सरकार को लेकर भी कहा कि केन्द्र में मोदी सरकार और प्रदेश में शिवराज सरकार इस बात के लिए संकल्पित हैं कि कोई भी बच्चा अपनी पढ़ाई न छोड़े। आजादी के 70 साल बाद भी हर नागरिक के सिर पर छत नहीं आ पाई, मजबूरी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 2022 तक का लक्ष्य लेकर चलना पड़ा। अब पूरी पार्टी इस विज़न पर काम कर रही है और यदि जनता का आशीर्वाद रहा तो ये लक्ष्य भी पूरा कर लेंगे। भाजपा सरकार की योजनाओं को लेकर पार्टी का हर प्रतिनिधि लोगों के बीच लेकर जा रहा है।

कर्नाटक में महागठबंधन के एकजुट होने पर भी राकेश सिंह ने जवाब देते हुए कहा कि कर्नाटक में एक दूसरे के धुर विरोधी भी भाजपा को हराने के लिए साथ आ गए, यही उनकी नहीं हमारी ताकत का उदाहरण है। क्योंकि सिर्फ एक पार्टी भाजपा को जवाब देने के लिए देश भर की पार्टीयों को एकजुट होना पड़ रहा है। लेकिन इतना सब होने के बाद भी कर्नाटक में सबसे बड़े दल के रूप में भाजपा ही आई है। उन्होंने साथ ही ये भी जोड़ते हुए कहा कि यह गठबंधन नहीं, ठगबंधन है।

एक कार्यकर्ता द्वारा एंटीइंकमबेंसी पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि एंटीइंकमबेंसी तब होती है, जब सरकार के द्वारा कोई कार्य न किया गया हो, लेकिन हमें गर्व है कि भाजपा की 3 बार सरकार इसलिए बनी, क्योंकि हमने जनकल्याण के कई काम किये हैं। और इसी वजह से तीन बार से कांग्रेस जीत का मुंह ताकती रही। निश्चिंत होकर जनता का आशीर्वाद लेने जाइए, जीत हमारी ही होगी।

कमलनाथ से मुकाबले के सवाल पर जवाब देते हुए राकेश सिंह ने कहा कि वे इस बारे में चर्चा नहीं करना चाह रहे थे, क्योंकि इससे पहले की भाजपा उनके ऊपर संदेह जताती। उनकी ही पार्टी के लोग कमलनाथ के नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी है, लेकिन भाजपा के पास प्रदेश में तीन बार के किए हुए अच्छे कार्य हैं, केन्द्र में मोदी जी के कार्यों की सराहना है। ऐसी स्थिति में कमलनाथ और कुछ नेताओं के भरोसे कांग्रेस की नैया पार नहीं होने वाली है। उन्होंने कहा कि पार्टी को ही कमलनाथ पर भरोसा नहीं है, इसीलिए 4 कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करना पड़े। कार्यकारी अध्यक्षों के प्रभाव को भी उन्होंने शून्य ही बताया।

आगे कार्यकर्ताओं को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सरकारें जनता के आशीर्वाद से बनती हैं, लेकिन जनता के आशीर्वाद के लिए कार्यकर्ता पर निर्भर हैं। सक्षम और कुशल नेतृत्व पर भरोसा होना चाहिए। प्रदेश की 7 करोड़ से ज्यादा जनसंख्या पार्टी पर भरोसा करती है। किसानों के नाम पर कांग्रेस राजनीति करती आई है। 2003 के पहले कृषि विकास दर माइनस में हुआ करती थी। अब 20 प्रतिशत से ऊपर है। 5 बार कृषि कर्मण अवॉर्ड मिला है। किसानों को 0 प्रतिशत पर ऋण दिया जा रहा है। 7 लाख हेक्टेयर सिंचित रकबा, 42 लाख हेक्टेयर पहुंचा। कांग्रेस सत्ता के लिए बेचैन है, इसीलिए शांतिप्रिय मध्यप्रदेश को अशान्त करने के लिए कांग्रेस हर हथकन्डा अपनाना चाह रही है।

कांग्रेस के विधायकों ने माहौल खराब किया था, इन पर रोक लगाने के लिए कार्यकर्ता क्या करें। कांग्रेस अशान्ति फैला रही है। नसीहत देते हुए कहा कि आचरण और चरित्र का जनता मूल्यांकन करती है। इसलिए जो लोग कानून हाथ में लेते हैं, उन्हें जनता ही सबक सिखाएगी।

आंतरिक और बाह्य सुरक्षा के मामले में मोदी सरकार ने काफी महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। आज भी कश्मीर में सैनिकों को पत्थर खाने पड़ते हैं। सेना मजबूत हुई है, पाकिस्तान और चीन को भी इस बात को मानना पड़ा। गांधीजी का स्वच्छता का सपना कांग्रेस नहीं, हम पूरा कर रहे हैं। लालकिले के प्राचीर से ऐलान के बाद पूरे देश में स्वच्छता को लेकर जागरुकता आई है। जो झाड़ू देश में विभाजन का काम करती थी, उसे आज गर्व से लिया जा सकता है। शुद्ध सात्विक प्रेम हमारे कार्य करने का आधार है। 22 राज्यों में हमारी सरकार, टीमवर्का का ही परिणाम है कि भाजपा सरकारों के द्वारा जो काम किए गए हैं, पूरी दुनिया में हमारा नाम हो रहा है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो