scriptअवधपुरी में आधी रात को डकैतों ने दो मकानों को बनाया निशाना | Robbery in Avadhpuri | Patrika News
भोपाल

अवधपुरी में आधी रात को डकैतों ने दो मकानों को बनाया निशाना

आधा दर्जन मकानों में बाहर से लगाई कुंडी, पुलिस ने बताई साधारण चोरी

भोपालDec 14, 2018 / 01:51 am

Bharat pandey

Robbery in Avadhpuri

Robbery in Avadhpuri

भोपाल। राजधानी पुलिस अपराध और अपराधियों को लेकर कितनी संजीदा है, इसकी बानगी अवधपुरी थाना क्षेत्र में देखने को मिली है। आधी रात दो कॉलोनियों में आधा दर्जन से अधिक डकैतों के गिरोह ने जमकर आतंक मचाया। बदमाश दो घरों में डकैती डालने में कामयाब रहे, जबकि आधा दर्जन घरों में बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया। डकैत दूसरे घरों को अपना निशाना बनाते उससे पहले लोगों ने शोर मचाकर उन्हें खदेड़ दिया। बदमाशों के हाथों में लाठी-डण्डे और लोहे के औजार थे। अवधपुरी थाना पुलिस ने इस घटना को बेहद हल्के में लिया है।

टीआई एमएल भाटी का कहना है कि साधारण 20-25 हजार रुपए की चोरी हुई है, जबकि वारदात के 18 घंटे बाद सीएसपी नरेन्द्र राठौर को इस वारदात की भनक तक नहीं थी। सीएसपी ने चर्चा करने पर कहा कि मैं दिखवाता हूं, क्या मामला है। अवधपुरी थाना पुलिस ने विपिन वर्मा और अविनाश सेन की शिकायत पर साधारण चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। वारदात की सूचना अमन और उसके दोस्तों ने रात 3 बजे दे दी थी। लेकिन, पुलिस एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। अविनाश की शिकायत पर पहले एफआईआर दर्ज नहीं की गई। जब उसने विरोध किया तो एफआईआर दर्ज कर ली गई। बदमाशों के आते-जाते की घटना पूर्वांचल फेज-1 के नजदीक बने मार्केट की एक किराना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने यह रिकॉर्डिंग ले ली है। इसके अलावा तिलक बिहार और तुलसी विहार के बीच भी बदमाश सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। सबसे खास बात यह है कि यह क्षेत्र बड़ा होने के चलते इससे सटे कटारा हिल्स और अवधपुरी दो नए थाने खोले गए, चूंकि पहले इन इलाकों में अधिक घटनाएं होती थी। जिसके चलते गोविंदपुरा और बागसेविनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंचने में देरी हो जाती थी।

Robbery in Avadhpuri
robbery y in Avadhpuri IMAGE CREDIT: patrika

घर के सामने बदमाशों के पैरों के निशान मिले
बदमाश नए बायपास से पैदल होते हुए खेत के रास्ते कॉलोनियों में घुसे थे। बदमाशों की संख्या आधा दर्जन से अधिक थी। इन बदमाशों ने सबसे पहले वर्धमान ग्रीन वैली में रहने वाले निजी कंपनी में काम करने वाले अमित झा के घर पर वारदात का प्रयास किया। उनके घर के पीछे खेत है। खेत मालिक ने यहां मकान के नजदीक तारों की फैंसिंग की है। जिसे बदमाशों ने काटा था। झा के मकान के बाहर खेत में दिए गए पानी की वजह से बदमाशों के पैरों में कीचड़ लग गई थी। जो झा के मकान के सामने मिली। यहां से निकलकर बदमाश झा के नजदीक मकान नम्बर डी-28 में रहने वाले इंजीनियरिंग छात्र प्रदुम्न गर्ग के घर पहुंचे। यहां उन्होंने गर्ग का कमरे के बाहर कुंडी को लगाकर भाग गए। जाते-जाते गर्ग का कीमती जूता और मोजा पहनकर भाग गए।

मेन गेट पर लगा ताला कटा मिला
गिरोह पैदल-पैदल वर्धमान ग्रीन वैली की ही एक्सटेंशन कॉलोनी में पहुंचा। यहां कॉर्नर के मकान में रहने वाले लक्ष्मीनारायण वर्मा के मकान को बदमाशों ने निशाना बनाया। घर पर उनका बेटा विपिन वर्मा था। विपिन ने बताया कि वह प्रायवेट नौकरी करता है। बुधवार रात साढ़े नौ बजे वह मेन गेट पर ताला लगाकर सोने चला गया था। पहली मंजिल पर माता-पिता रहते हैं। सुबह साढ़े आठ बजे नहा-धोकर बाहर आने के लिए सटकनी खोली तो दरवाजा नहीं खुला। मैंने पिता को फोन लगाया तो उन्होंने पड़ोसी राजेश सोनी को फोन करके बेटे के पास पहुंचाया। वे दरवाजा खोलकर जाने लगे तो विपिन को शक हुआ। मैन गेट पर ताला लगा था जो बाहर जाकर देखने में वह कटा मिला। फिर वह पहली मंजिल पर पहुंचे तो माता-पिता का कमरा बिखरा मिला। बदमाश यहां से पायल, नकदी 10 हजार रुपए अन्य सामान ले गए।

 

 

कुत्ते भौंकने पर हुआ शक
बदमाश बीडीए कॉलोनी के एक नम्बर सेक्टर में भी पहुंचे। यहां बदमाशों ने अविनाश सेन के किराए के मकान को निशाना बनाया। 7 दिसम्बर को अविनाश की पत्नी ने बेटी को जन्म दिया है। इस कारण वे अस्पताल में थे। पड़ौस में रहने वाले अमन मालवीय ने बताया कि मोहल्ले में कुत्ते भौंक रहे थे। शक होने पर उन्होंने झांककर देखा तो अविनाश के घर से चार लडक़े निकलते दिखाई दिए। वहीं उसके घर के सामने तीन लडक़े खड़े थे। पहले चोरों ने ताला काटा तभी आहट होने पर वे भाग गए। इसके बाद वे दोबारा आए। फिर उन्होंने दूसरे कमरे का ताला काटा और सोने-चांदी के जेवर, नकदी पांच हजार समेत करीब 15 हजार का माल ले भागे।

Home / Bhopal / अवधपुरी में आधी रात को डकैतों ने दो मकानों को बनाया निशाना

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो