भोपाल

सपा और कांग्रेस अध्यक्ष में मंत्रणा : अखिलेश ने दिए कांग्रेस से गठबंधन के संकेत

सपा और कांग्रेस अध्यक्ष में मंत्रणा : अखिलेश ने दिए कांग्रेस से गठबंधन के संकेत

भोपालJul 20, 2018 / 11:37 am

KRISHNAKANT SHUKLA

सपा और कांग्रेस अध्यक्ष में मंत्रणा : अखिलेश ने दिए कांग्रेस से गठबंधन के संकेत

भोपाल. समाजवादी पार्टी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सकती है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा के दौरान इसके संकेत दिए थे। दूसरे दिन शुक्रवार को अखिलेश यादव अरुण यादव के निवास पहुंचे। अखिलेश ने कहा, हम गठबंधन के पक्ष में हैं और जनता भी यही चाहती है। हम नहीं चाहते देश की लड़ाई कमजोर हो।

उन्होंने भाजपा पर धर्म के नाम पर नफरत फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा- इसका जवाब देने का रास्ता हमने उत्तरप्रदेश उपचुनाव के समय दिखाया है। प्रधानमंत्री पद के चेहरे पर राहुल गांधी और मायावती का नाम लेने से बचते हुए अखिलेश ने कहा- देश बदलाव चाहता है। नया प्रधानमंत्री चाहता है और यह मिलकर रहेगा।

दो दिवसीय दौरे पर भोपाल आए यादव ने आरोप लगाया कि व्यापमं घोटाले ने मध्यप्रदेश ही नहीं, उत्तरप्रदेश की छवि भी खराब की, क्योंकि इसके तार वहां से भी जोड़े गए। इसका रहस्य अभी बना हुआ है।

नाथ के साथ मुलाकात, सीएम पर कसा तंज
सपा अध्यक्ष शाम को कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से मिलने उनके बंगले पहुंचे। दोनों के बीच कुछ देर अकेले में मंत्रणा हुई। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान प्रदेश में गठबंधन में सीटों के फॉर्मूले पर मंथन हुआ है। इस मुलाकात पर अखिलेश ने कहा, क्या बात हुई, हम क्यों बताएं। हालांकि, उन्होंने बताया कि पार्टी ने 51 पर्यवेक्षक से सभी 230 सीटों का सर्वे कराया है। उन्होंने प्रदेश की सडक़ें अमरीका से बेहतर बताने के सीएम के बयान पर कहा- रीवा में मुझे सभी सडक़ें खराब मिली थीं।

महिला अपराधों पर घेरा
उन्होंने महिला अत्याचार पर कहा- यहां डबल इंजन की सरकार है, इसके बाद भी प्रदेश की हालत सबसे बदतर है। रेप की घटनाओं में प्रदेश पहले नंबर पर है, परेशान किसान आत्महत्या कर रहे हैं। सरकार झूठ बोलने और भ्रमित करने में जुटी है। रोजगार के
अवसर खत्म हो गए हैं।

भाजपा जातिवादी पार्टी
अखिलेश ने भाजपा को जातिवादी पार्टी बताते हुए शिवराज की जाति पर टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा, चौहान उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रचार में गए थे। उनके भाषणों का वीडियो देख लीजिए क्या बोला था। हमारे यहां के चौहान अब तक कन्फ्यूज हैं कि ये कौन हैं। पृथ्वीराज वाले या महाराणा प्रताप वाले।

Home / Bhopal / सपा और कांग्रेस अध्यक्ष में मंत्रणा : अखिलेश ने दिए कांग्रेस से गठबंधन के संकेत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.