भोपाल

शिवराज बोले- कांग्रेस गुंडागर्दी करके पैसे बांटकर जीत नहीं सकती, जनता जाग गई है…

गुंडागर्दी और आतंक का इस्तेमाल करके कांग्रेस जीत नहीं सकती। जनता जग गई है, जनता वोट देने के लिए स्वतंत्र है।

भोपालOct 30, 2021 / 09:26 pm

जीतेन्द्र चौरसिया

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस उपचुनाव में संभावित पराजय से बौखला गई है, इस कारण कांग्रेस ने उपचुनाव में आतंक फैलाया है। चुनाव के पहले भी कांग्रेस ने अनैतिक साधनों का इस्तेमाल किया। पैसे बांटे, गुंडागर्दी और दादागिरी की। अब जनता को धमका रहे हैं, विशेषकर पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र में मारपीट की गई है। पृथ्वीपुर शहर में पोलिंग बूथ 94 सहित अनेकों पोलिंग बूथ 192, 111, 55, 56, 57 और 58 पर जनता को धमकाया, डराया और भगाया जा रहा है। यहां तक कि कांग्रेस के पोलिंग एजेंट भाजपा के कार्यकर्ता और जनता को डराने धमकाने और पीटने का काम हो रहा है। अनैतिकता की हद हो गई है। पहले भी अनैतिक साधनों का उपयोग किया और अब संभावित पराजय से बौखला कर डराना धमकाना, पैसे का लालच देना, ये सारे काम कांग्रेस कर रही है। झूठी शिकायतें चुनाव आयोग को कर रहे हैं। कर्मचारियों को देख लेने की धमकी दी जा रही है। इन अनैतिक साधनों का, गुंडागर्दी और आतंक का इस्तेमाल करके कांग्रेस जीत नहीं सकती। जनता जग गई है, जनता वोट देने के लिए स्वतंत्र है।
——————————
कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची भाजपा…
प्रदेश भाजपा ने शनिवार को पृथ्वीपुर से कांग्रेस प्रत्याशी नितेंद्रसिंह, उनके भतीजे विभु राठौर और चाचा यशपालसिंह के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की। प्रदेश भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक व मंत्री भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में लिखित शिकायत दी गई कि कांग्रेस प्रत्याशी व उनके सहयोगी रिवॉल्वर लेकर धमका रहे हैं। भूपेंद्र ने कहा कि मतदान में इन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट कर आतंकित करने का प्रयास किया। भतीजा विभु राठौर, यशपालसिंह और मनीष खटीक खुलेआम रिवाल्वर व अन्य हथियार लेकर क्षेत्र में घूमे। कांग्रेस प्रत्याशी के चाचा यशपालसिंह आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, जिन्हें पूर्व मंत्री स्व. सुनील नायक की हत्या के मामले में सजा सुनाई जा चुकी है। यशपालसिंह एक जिलाबदर अपराधी है। भाजपा ने मांग की कि कांग्रेस प्रत्याशी नितेंद्रसिंह, विभु राठौर, यशपालसिंह व मनीष खटीक को तत्काल गिरफ्तार करने के आदेश कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक निवाड़ी को दिए जाएंं।
——————

Home / Bhopal / शिवराज बोले- कांग्रेस गुंडागर्दी करके पैसे बांटकर जीत नहीं सकती, जनता जाग गई है…

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.