शाजापुरः ठाकुरजी की बदली दिनचर्या

शाजापुर में पुष्टिमार्गीय मंदिर में विराजे हैं ठाकुरजी। यहां अक्षय तृतीया से ठाकुरजी को शीतल श्रंगार, भोग और हवेली में शीतलता बनाए रकने के प्रबंध किए गए हैं। ठाकुरजी (Shri Goverdhannath Mandir ) एक बाल रूप में विराजे हैं। सुबह उठाने से लेकर रात तक उनके शयन तक दिन में पांच बार ठाकुरजी का श्रंगार किया जाता है। इसके साथ शीतल पकवान चढ़ाए जाते हैं।

ठाकुरजी को श्वेत, हल्के गुलाबी, हल्का पीला सूती वस्त्र पहनाए जाते हैं। श्रंगार में मोतियों की माला, शीतलता देने वाले पुष्प की माला चढ़ाई जाती है। साथ ही कैरी का पना, आम का रस, चने की दाल, श्रीखंड, आमखंड, दही मक्खन, खरबूजा, खस का शर्बत आदि चढ़ाया जाता है। वहीं पंखें, एसी और कूलर भी लगातार चलते रहते हैं।
इटारसी के हनुमानजी के लिए लगे कूलर और एसी

इटारसी में भी ऐसा ही नजारा है। भक्तों ने अपने हनुमानजी को गर्मी से बचाने के लिए एसी और कूलर लगवा दिया है। सोचकर अचरज जरूर होता है, लेकिन यह श्रद्धालुओं का भाव ही है कि हम इंसान की तरह उन्हें भी ठंडे और गरम का अहसास होता होगा।
इटारसी तहसील में हर कोई भीषण गर्मी और लू से परेशान हैं। तेज गर्मी से सबका बुरा हाल है। इंसान पंखे, कूलर और एसी के बगैर नहीं रह पा रहे हैं। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए मंदिरों में भी भगवान को गर्मी से राहत देने के लिए एसी,कूलर और पंखे लगाए गए हैं।

इटारसी के ओवरब्रिज स्थित हनुमान धाम मंदिर में भगवान को भीषण गर्मी से निजात दिलाने एसी लगाया गया है। और कूलर दोनों लगाए गए हैं। इसी में स्थित राम दरबार, साईंबाबा, राधा- कृष्ण आदि देवी- देवताओं को भी कूलर लगाकर गर्मी से राहत दिलाई जा रही है। मंदिर समिति के सेवादार लखन सिंह बैस ने बताया कि भक्तों की ओर से मंदिर में ये एसी प्रभु के लिए लगवाएं गए हैं। सिर्फ ठंड के मौसम में एसी बंद रखा जाता है।
हनुमान धाम मंदिर के पुजारी नरेंद्र तिवारी ने बताया कि जिस प्रकार हमें ठंड, गर्मी और बरसात का एहसास होता है, उसी तरह भगवान को भी ठंड, गर्मी लगती है। भीषण गर्मी से उक्त मंदिर में एसी, कूलर और पंखे 24 घंटे चालू है। वही शहर के अन्य मंदिरों में भी भगवान के समक्ष कूलर, पंखे लगाए गए हैं।