जवाहर चौक में यूनिक कॉलेज के पास तेज रफ्तार कार ने पैदल आ रहीं चार महिला सिपाहियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चारों घायल हो गईं। दो की हालत गंभीर है। हादसा शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे उस दौरान हुआ, जब चारों महिला आरक्षक फिल्म देखकर पैदल लौट रही थीं। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया है। वह नशे की हालत में था।
टीटी नगर क्षेत्र के जवाहर चौक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात को यह घटना हुई है। हादसा उस समय हुआ जब एमपी पुलिस की चार महिला आरक्षक थाने में ट्रैफिक थाने में ड्यूटी के बाद फिल्म देखने गई थी। वे रात को 12 बजे के बाद जब फिल्म देखकर जवाहर चौक की तरफ से जा ही थी, तभी यूनिक कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार कार ने चारों को जोरदार टक्कर मार दी। वाहन चालक शराब के नशे में चूर था। चारों महिला आरक्षक घायल हो गई, जिनमें से दो महिलाओं की हालत गंभीर है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के तत्काल बाद ही टीटी नगर पुलिस को किसी ने सूचना दी, इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचे और घायल महिला आरक्षकों को अस्पताल पहुंचाया। इसमें दो महिला आरक्षकों की हालत गंभीर है। टीटी नगर थाना प्रभारी चैन सिंह रघुवंशी के मुताबिक कार चालक श्यामला हिल्स निवासी सहर्ष त्रिपाठी को हिरासत में ले लिया है। वह घटना के समय नशे की हालत में था। घायलों के नाम शिवानी सोलंकी, अर्चना राय, प्रिया राठौर, प्रिया मीणा हैं। सभी ट्रैफिक थाने में पदस्थ हैं।