भोपाल

Student Suicide : नीट की तैयारी कर रहे 12वीं के छात्र ने की आत्महत्या

Student Suicide : 12वीं के छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी सही वजह सामने नहीं आई है। यह घटना मिसरोद थाना क्षेत्र की है।

भोपालAug 20, 2019 / 09:19 am

KRISHNAKANT SHUKLA

Student Suicide :

भोपाल. नीट की तैयारी कर रहे 12वीं के छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी सही वजह सामने नहीं आई है। हालांकि, शुरुआती जांच में पता चला कि पढ़ाई को लेकर वह तीन दिन से नर्वस था। दो महीने पहले ही वह उप्र से भोपाल स्थित बुआ के घर तैयारी करने आया था। यह घटना मिसरोद थाना क्षेत्र की है। थाना प्रभारी निरंजन शर्मा ने बताया कि 17 वर्षीय अनुराग पिता दिवाकर पाठक मूलत: गंधीरी जिला अलीगढ़ (उप) का रहने वाला था।

फिलहाल वह फॉरच्यून सौम्य हैरिटेज में बुआ सीमा शर्मा के यहां रह रहा था। रविवार शाम करीब 6 बजे उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय वह घर पर अकेला था। उसके फूफा शैलेन्द्र शर्मा मंडीदीप स्थित एक फैक्ट्री में ड्यूटी करने गए थे। बुआ सीमा 12 साल के बेटे रजत के साथ किटी पार्टी में गईं थीं।

 

जब वह घर आईं तो दरवाजा बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोला गया, तो देखा अंदर अनुराग फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। सीमा ने उसे फांसी के फंदे से उतारा और निजी हॉस्पिटल ले गईं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक जांच और बयानों में सामने आया है कि वह नीट की तैयारी करने के लिए नौ जून को अलीगढ़ से भोपाल आया था, उसके पिता संपन्न किसान हैं। उसकी एक बड़ी बहन है और वह इकलौता बेटा था। पता चला है कि तीन दिनों से वह पढ़ाई को लेकर नर्वस चल रहा था।

 

 

तलवारें, हॉकी-डंडे लेकर आए बदमाशों ने युवक को पीटा

राजधानी के 12 नंबर बस स्टॉप के पास पुलिस से बेखौफ बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। एक युवक के साथ मारपीट कर उसे तलवार मार दी और दुकान पर रखा एक कांच का काउंटर तोड़ दिया। हबीबगंज थाना पुलिस के मुताबिक 30 वर्षीय रवि पाटिल पीसी नगर में रहता है। उसकी 12 नंबर बस स्टॉप पर सांई अपार्टमेंट के पास दुकान है। सोमवार शाम करीब 5 बजे उसके पास अमित और अभिषेक राय अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे।

 

अमित ने कहा कि शुभम पाटिल कौन है, इस पर रवि ने मना कर दिया। इसके बाद अमित और अभिषेक के साथियों ने तलवारें, हॉकी-डंडे लहराते हुए रवि को तलवार मार दी, जो उसके हाथ में लगी। एक बदमाश ने उसकी दुकान पर रखे काउंटर में डंडा मार दिया। हमले की वजह क्या रही। यह सामने नहीं आई है। पुलिस ने अभिषेक और अमित व उनके साथियों पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

बीच-बचाव कराने आई महिला के साथ की छेड़छाड़

गणेश मंदिर के पास रविवार रात दो सगे भाइयों ने एक सिविल कॉन्ट्रेक्टर से मारपीट कर दी। बीच-बचाव में आई ठेकेदार की पत्नी से भी बदमाशों ने झूमाझटकी करते हुए छेड़छाड़ की। पुलिस के अनुसार अयोध्या नगर थाना क्षेत्र निवासी 29 साल के सिविल कॉन्ट्रेक्टर सोमवार रात करीब दस बजे पत्नी के साथ एमपी नगर से लौट रहे थे। गणेश मंदिर के पास दीपक शर्मा और उसका भाई कपिल वहां पहुंच गए। उन्होंने कॉन्ट्रेक्टर से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आई पत्नी के साथ भी छेड़छाड़ की और जान से मारने की धमकी देकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।

Home / Bhopal / Student Suicide : नीट की तैयारी कर रहे 12वीं के छात्र ने की आत्महत्या

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.