scriptसुरेन्द्रनाथ ने लगाया मसूद पर लव जिहाद का आरोप, धमकी भरे बोल पर केस दर्ज | surendranath blames masood for love jihad | Patrika News

सुरेन्द्रनाथ ने लगाया मसूद पर लव जिहाद का आरोप, धमकी भरे बोल पर केस दर्ज

locationभोपालPublished: Oct 23, 2019 01:25:51 am

Submitted by:

Sumeet Pandey

पूर्व विधायक की बेटी परिजनों के पास घर पहुंची

सुरेन्द्रनाथ ने लगाया मसूद पर लव जिहाद का आरोप, धमकी भरे बोल पर केस दर्ज

सुरेन्द्रनाथ ने लगाया मसूद पर लव जिहाद का आरोप, धमकी भरे बोल पर केस दर्ज

भोपाल. भाजपा के पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह की 28 वर्षीय बेटी भारती सिंह को पुलिस ने मंगलवार को एक सप्ताह बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। सुरेंद्रनाथ ने 15 अक्टूबर की मध्य रात्रि में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इस हाई प्रोफाइल मामले का पटाक्षेप हो गया। पुलिस ने सुरेंद्रनाथ की बेटी के बयान के बाद उसे परिजनों को सौंप
दिया है। भारती के घर से गायब होने के बाद सुरेंद्रनाथ ने इसे लव जिहाद बताया और वर्तमान कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद पर गंभीर आरोप लगाया। सुरेंद्रनाथ ने कहा कि आरिफ लव जिहाद फैलाने का काम कर रहे हैं। इसके बाद देर शाम पुलिस ने सुरेन्द्रनाथ सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस महाराष्ट्र के जलगांव के पास एक गांव से भारती को भोपाल लाई है। भारती के साथ ही फहीम नामकएक शख्स को भी पुलिस सोमवार देर रात भोपाल लाई थी। फहीम भोपाल का ही रहने वाला है और भारती का जिम ट्रेनर रहने के साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला इकाई का पदाधिकारी भी रहा है।
पिता से गले मिलकर रोने लगी भारती
भारती ने गायब होने के बाद जारी वीडियो में हाईकोर्ट में याचिका लगाने की बात कही थी। इसमें उसने अपनी मौसी और उसके बेटे पर ही परिवार में बात-बात पर हस्तक्षेप और दवाब बनाने की बात कही थी। मंगलवार को भारती को पुलिस गौरवी वन स्टॉप सेंटर लेकर पहुंची। यहां करीब एक घंटे तक काउंसलिंग चली। सुरेंद्रनाथ भी यहां पहुंचकर बेटी से मिलकर भावुक हो गए। भारती भी गले मिलकर रोने लगी। भारती ने घर वापसी की बात कही। लेकिन मौसी और उनके परिवार को अपने घर से दूर करने की मांग की। इस पर सुरेंद्र ने बेटी को आश्वासन दिया कि ठीक है बेटा उन्हें अपने घर में नहीं रहने दिया जाएगा। भारती की काउसंलिंग के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया।
स्लम एरिया में मिली भारती
भारती की तलाश के लिए भोपाल पुलिस ने एक टीम का गठन किया था। जिसमें कमलानगर थाना प्रभारी विजय सिसौदिया और महिला थाना प्रभारी अजीता नायर थे। टीम को भारती की लोकेशन महाराष्ट्र के जलगांव के एक रेवार नामक गांव में मिली तो टीम वहां रवाना हो गई। टीम को वहां की एक स्लम बस्ती के कच्चे घर में भारती मिली। भारती के साथ ही पुलिस को फहीम नाम का युवक भी मिला। दोनों को पुलिस टीम सोमवार रात भोपाल लेकर पहुंची। मंगलवार को भारती ने कहा कि वह नौकरी की तलाश में गई थी। बयानों के बाद भारती को महिला थाना प्रभारी अजीता नायर खुद उसके घर छोड़कर आईं। फहीम कमला नगर थाने की अभिरक्षा में है।

हबीबगंज पुलिस ने किया आपराधिक मामला दर्ज
पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह के खिलाफ मंगलवार रात हबीबगंज पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। मंगलवार को बेटी भारती सिंह को गौरवी सेंटर में काउंसलिंग के लिए लाया गया था, इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे लव जिहाद कर भारती का धर्म परिवर्तन करवाना चाहते थे। इस दौरान वे लव जिहाद फै लाने वालों का कत्लेआम करने की बात भी कह गए। उन्होंने कहा कि लव जिहाद का मतलब यही होता है कि मुस्लिम युवक हिंदू लड़की से शादी कर ले। अपने-अपने धर्म को देखो दूसरे के धर्मों में दखल मत दो। यदि कोई यह सोचता है कि आतंक फै लाकर या अलकायदा जैसी गतिविधियां चलाकर यह किया जा सकता है तो गलत है। दुनिया के जितने भी आतंकवादी संगठन हैं क्या ये वो ही बना सकते हैं, क्या हम लोग नहीं बना सकते हैं? इन दोनों विवादित बयानों पर सुरेंद्रनाथ सिंह के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो