scriptपार्क में फैली हरियाली की चादर, क्यारियों में खिली कलियां मना रहीं वसंत का उत्सव | The buds in the bud are celebrating spring | Patrika News
भोपाल

पार्क में फैली हरियाली की चादर, क्यारियों में खिली कलियां मना रहीं वसंत का उत्सव

पुरुषोत्तम गौर पार्क: एक्यूप्रेशर पाथवे, ओपन जिम से लोगों की सुधर रही सेहत

भोपालFeb 22, 2020 / 12:27 am

Rohit verma

पार्क में फैली हरियाली की चादर, क्यारियों में खिली कलियां मना रहीं वसंत का उत्सव

पार्क में फैली हरियाली की चादर, क्यारियों में खिली कलियां मना रहीं वसंत का उत्सव

भोपाल. नगर निगम के वार्ड क्रमांक 64 सोनागिरी सी सेक्टर स्थित पुरुषोत्तम गौर पार्क की खूबसूरती लोगों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर रही है। यहां लहलहा रहे विभिन्न तरह के पेड़-पौधे, फूल पत्तियां, हरियाली की चादर बिखेरे हरी-हरी घास आसपास के रहवासियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है। बता दें कि वर्ष 1994-95 में विकसित किया गया यहा पार्क देखरेख के अभाव में बदहाल हो चुका था। वर्ष 2015 में इस क्षेत्र से पार्षद चुने गए सुरेन्द्र बाडीका ने इसे इसे शहर का सबसे खूबसूरत पार्क बनाने की ठानी और संवारना शुरू किया।

इस पार्क में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसके लिए जगह-जगह डस्टबीन रखवाए गए हैं, ताकि पार्क में आने वाले लोग बाहर कचरा नहीं फैलाएं। साथ ही यहां से निकलने वाली घास, पेड़ों की छंटाई के दौरान निकलने वाली टहनियां और फूल-पत्तियों के अपशिष्ट को गलाकर जैविक खाद बनाई जाती है। इस खाद का उपयोग पार्क में लगे पेड़ पौधों में डालने में किया जाता है। इसके लिए पार्क में तीन बैरक बनाए गए हैं। पार्क में काली मिट्टी, खाद, सिंचाई के लिए वर्षों से बंद पड़े ट्यूबवेल में मोटर डलवाकर पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे पौधों को सिंचाई के लिए हर समय पानी मिल रहा है।

 

पार्क सुबह पांच बजे से 11 बजे तक और शाम चार बजे से रात 8 बजे तक लोगों के लिए खुला रहता है। पार्क में आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने के लिए बाहर पार्किंग की व्यवस्था है। यहां करीब नौ लाख रुपए की लागत से पेवर ब्लॉक लगवाए गए हैं। पार्क में म्यूजिकल सिस्टम के साथ ही पार्क में आने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसी टीवी कैमरे लगवाए गए हैं।

देखरेख के लिए पार्षद ने मोहल्ला समिति का गठन किया है, जिससे आपस में ही वहां आने वाली समस्याओं को सुलझा लिया जाता है। पार्क की देखरेख निगम कर्मचारियों द्वारा की जाती है। इसके लिए तीन कर्मचारी और एक सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। यह पार्क काफी चर्चित होने से यहां आसपास कॉलोनियों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग सुबह-शाम पहुंच रहे हैं। इससे काफी भीड़ हो रही है।

पाथ-वे : पार्क में वर्षों पहले बनाया गया पाथ-वे बदहाल हो चुका था। करीब दो लाख रुपए खर्च कर नया पाथ-वे बनवाया गया। इससे लोगों को सुबह-शाम टहलने में काफी सुविधा मिलने लगी है।

 

एक्यूपे्रशर पाथ-वे: लोगों की सेहत का ध्यान रखते हुए करीब चार लाख रुपए खर्च कर एक्यूप्रेशर पाथ-वे का निर्माण कराया गया है। इस पर चलने से लोग जहां शारीरिक रूप से स्वास्थ्य हो रहे हैं, वहीं कई बीमारियों से भी निजात मिल रही है।

फिसल पट्टी/ झूले : पार्क में बैठने के लिए जगह-जगह लगाई गई बेंच, सीसा, विभिन्न प्रकार के झूले और फिसल पट्टी बच्चों के लिए खेलने और मनोरंजन के साधन के तौर पर उपलब्ध हैं, वहीं जगह-जगह लगाई गई बेंच पर बुजुर्ग टहलने के बाद बैठकर आराम करते हैं।

ओपन जिम : पार्क में करीब सात लाख रुपए खर्च कर ओपन जिम की 11 मशीनें लगवाई गई हैं। इससे बच्चों और युवाओं को सेहत बनाने में काफी मदद मिल रही है। यहां बुजुर्गों के लिए अलग, महिलाओं के लिए अलग और बच्चों के लिए अलग टाइम होने से सभी को इसका लाभ मिल रहा है। इसे खूबसूरत बनाने तीन लाख रुपए से पेवर ब्लॉक और कवर करने के लिए जाली लगवाई गई है।

 

लाइटिंग: पार्क में लोग रात में भी घूम और बैठ सकें इसके लिए दो लाख रुपए से पार्क में लाइट लगवाई गई है। शाम होते ही पार्क दूधिया रोशनी से जगमगा उठता है।

सेहत बनाने लोगों को मिल रहा लाभ
नगर निगम के वार्ड क्रमांक 64 के पार्षद सुरेन्द्र बाडीका ने बताया कि वर्षों से उजाड़ पड़े इस पार्क को डवलप किए जाने से आसपास कॉलोनियों के लोगों को काफी लाभ मिल रहा है। इसका सबसे ज्यादा फायदा वरिष्ठजनों के साथ महिलाओं और बच्चों को मिल रहा है। वरिष्ठजनों को पहले सुबह-शाम तफरीह के लिए पिपलानी स्थित एनसीसी ग्राउंड जाना पड़ता था।

यहां आने-जाने में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता था, अब उन्हें अपनी कॉलोनी में ही सभी तरह की सुविधाएं मिल रही हैं। यह पार्क पर्यावरण की दृष्टि से भी बेहतर है। इससे लोगों को शुद्ध हवा और बेहतर वातावरण मिल रहा है। यहां लगाए गए एक्यूप्रेशर पाथ-वे से जहां कई बीमारियों से राहत मिल रही है तो ओपन जिम से लोगों का शरीर स्वस्थ्य हो रहा है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो