scriptबाजारों में बढ़ी रौनक, दिवाली तक अब रोज खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त | The markets rose, until Diwali, auspicious time for daily shopping | Patrika News

बाजारों में बढ़ी रौनक, दिवाली तक अब रोज खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त

locationभोपालPublished: Oct 20, 2019 11:19:04 am

– रविवार को रवियोग का शुभ संयोग – सोमवार और मंगलवार को सर्वार्थ सिद्धि योग पुष्य नक्षत्र का शुभ संयोग

बाजारों में बढ़ी रौनक, दिवाली तक अब रोज खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त

बाजारों में बढ़ी रौनक, दिवाली तक अब रोज खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त

भोपाल। दिवाली के अब सप्ताह का भर का समय रह गया है। बाजारों में इन दिनों रौनक है और देर रात तक खरीदारी का सिलसिला चल रहा है। दिवाली तक बाजारों में और भीड़ बढऩे की संभावना है। ऐसे में आने वाले सप्ताह में लगभग हर दिन ग्रह, नक्षत्रों के योग से शुभ संयोग बनेंगे, जिसमें बाजारों में बंपर खरीदारी की उम्मीद है। रोशनी और खुशियों के पर्व दिवाली के लिए इन दिनों बाजारों में जमकर खरीदारी चल रही है।

पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत 25 अक्टूबर को धनतेरस के साथ होगी, इसी प्रकार 27 अक्टूबर को दिवाली पर्व मनाया जाएगा। ऐसे में दिवाली तक इस बार अनेक शुभ मुहूर्त आ रहे हैं, जिसमे खरीदारी करना स्थायित्व देगा। इसकी शुरुआत रविवार को रवियोग के साथ होगी। पंडितों का कहना है कि इस शुभ योग में खरीदारी करना और शुभ कार्य विशेष फलदायी माने गए हैं।

पुष्य नक्षत्र का शुभ संयोग
पुष्य नक्षत्र सभी नक्षत्रों में श्रेष्ठ माना गया है। पंडित विष्णु राजौरिया का कहना है कि इस नक्षत्र में की गई खरीदारी और शुभ कार्य स्थायित्व देते हैं। इस बार २१ और २२ को दो दिन पुष्य नक्षत्र का शुभ योग रहेगा। २१ को यह सोम पुष्य और २२ अक्टूबर मंगलवार को भौम पुष्य के रूप में विद्यमान रहेगा। पुष्य नक्षत्र २१ सोमवार को दोपहर में आएगा और मंगलवार को दोपहर तक रहेगा। एेसे में दोनों ही दिन खरीदारी के लिए विशेष लाभकारी होंगे। इस दौरान सर्वार्थ सिद्धि योग का भी शुभ संयोग रहेगा।

खरीदारी के लिए अच्छे मुहूर्त
पं. प्रहलाद पंड्या ने बताया कि रविवार को रवि योग और पुष्कर योग रहेगा। यह दोनों ही योग शुभ माने गए हैं। इसी प्रकार सोमवार को सर्वार्थ सिद्धि योग के साथ पुष्य नक्षत्र रहेगा और मंगलवार को भी पुष्य नक्षत्र रहेगा। इसमें भूमि, भवन, वाहन, आभूषण, बर्तन, सजावट का सामान सहित सभी प्रकार की खरीदारी करना शुभ होता है। इसमें सभी प्रकार की खरीदारी करना स्थायित्व प्रदान करता है। दिवाली तक कई दिन शुभ मुहूर्त आ रहे हैं।

खरीदारी के लिए स्वयंसिद्ध मुहूर्त है धन तेरस
पूरे साल में खरीदारी के लिए धन तेरस का दिन विशेष शुभ माना गया है। साल के इस स्वयंसिद्ध मुहूर्त पर बाजारों में जमकर खरीदारी होती है। इस बार धन तेरस का पर्व शुक्रवार के दिन आ रहा है, इसलिए इसका महत्व और बढ़ गया है। इस स्वयंसिद्ध मुहूर्त पर भी बाजारों में जमकर खरीदारी होगी।

ट्रेंडिंग वीडियो