scriptयुवक कांग्रेस के चुनाव में अब नहीं होगा हंगामा | There will no longer be a ruckus in the election of the Youth Congress | Patrika News

युवक कांग्रेस के चुनाव में अब नहीं होगा हंगामा

locationभोपालPublished: Nov 22, 2020 06:14:02 pm

Submitted by:

Arun Tiwari

ढाई लाख कार्यकर्ता ऑन लाइन डालेंगे वोट
15 दिसंबर तक पूरा होगा चुनाव
 

kamalnath.jpg

kamalnath.jpg

भोपाल : कोरोना के चलते युवक कांग्रेस के चुनाव में हंगामा, विवाद या शोरशराबा नजर नहीं आएगा। इस बार ये चुनाव मतपत्रों की जगह ऑनलाइन वोटिंग से होंगे। कार्यकर्ता अपने घर में बैठकर ऑनलाइन वोटिंग कर सकेगा। युवक कांग्रेस ने सदस्यता अभियान में 12 लाख सदस्य बनाए हैं लेकिन वोट करने का अधिकार ढाई लाख सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही रहेगा। एक सक्रिय कार्यकर्ता अन्य चार कार्यकर्ताओं के वोट भी डालेगा। चुनाव की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है लेकिन ये चुनाव 7,8,9 दिसंबर तक होंगे यानी 15 दिसंबर तक युवक कांग्रेस को अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा।

वोट के साथ लेनी होगी सेल्फी :
एक फोन से बीस वोटर वोट डाल सकेंगे। वोटिंग में फर्जीवाड़ा न हो इसके लिए हर वोटर को अपनी सेल्फी लेनी होगी। जिस सक्रिय कार्यकर्ता का सदस्यता के समय जो फोन नंबर डाला गया होगा उसी नंबर पर ओटीपी आएगा और उसी आधार पर वोटिंग होगी। एक वोटर पांच पद के लिए वोट डालेगा। सक्रिय कार्यकर्ता विधानसभा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महासचिव के लिए वोट डाल सकेगा।

विधायक बन सकेंगे प्रदेश अध्यक्ष :

विधायक या नगरपालिका, नगर निगम अध्यक्ष युवक कांगे्रस के प्रदेश अध्यक्ष बनने की पात्रता रखते हैं इसलिए वे सीधे इस पद पर अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। लेकिन उनको युवक कांग्रेस का सदस्य होना अनिवार्य रहेगा। पार्षद महासचिव पद के लिए अपना परचा दाखिल कर सकते हैं।

15 दिसंबर तक युवक कांग्रेस के चुनाव संपन्न हो जाएंगे। इस बार बैच में वोट डाले जाएंगे यानी एक सक्रिय कार्यकर्ता अपने से जुड़े चार अन्य प्राइमरी मेंबरों के वोट डालेगा। चुनाव की सारी प्रक्रिया ऑनलाइन संपन्न होगी।
– मकसूद मिर्जा चुनाव अधिकारी, युवक कांग्रेस चुनाव

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो