भोपाल

मध्यप्रदेश में पर्यटन से आमदनी हुई आधी, अब नेशनल पार्क खुलने का इंतजार

मध्यप्रदेश में पर्यटन की आमदनी हुई आधी, अब नेशनल पार्क खुलने का इंतजार

भोपालSep 29, 2020 / 07:30 am

Hitendra Sharma

भोपाल. मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने कोरोना संकट से उबारने तथा पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए तमाम तरह के ऑफर दिए, लेकिन एक भी काम नहीं आया। आय में कोई सुधार की गुंजाइश भी नहीं बन पा रही है। अब निगम को नेशनल पार्कों के दरवाजे खुलने का इंतजार है। यह 15 अक्टूबर के बाद से खुलेंगे। हालांकि कुछ पार्क में पर्यटन शुरू हो गया है। पर्यटन विभाग होटल, रेस्टोरेंट वोट क्लब, बार से करीब-करीब 10 से 12 करोड़ रुपए हर माह कमाई करता था। कोरोना के चक्कर में यह आय आधी से कम हो गई है। पर्यटन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पिछले दो तीन माह से बमुश्किल 4 से 5 करोड़ रुपए की आय हो रही है। ऑफर के बाद भी कारोबार नहीं बढ़ पाया है। इसकी मुख्य वजह हवाई यात्रा, ट्रेन और गाडिय़ां बंद होना है। इसके अलावा कोरोना संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है, इससे लोग संक्रमण से डरते हैं। लोकल और निजी वाहनों से तीस फीसदी ही पर्यटक पहुंच रहे हैं। पर्यटन निगम का मानना है कि 15 अक्टूबर से सभी पार्क खुल जाएंगे। इससे पर्यटन के कारोबार में बढ़ोत्तरी होगी।

वर्केशन पर्यटन भी नहीं हुआ कारगर
निगम ने पर्यटकों को लुभाने के लिए उन्हें अपने होटलों में ऑफिस जैसी सुविधा वर्केशन (वेकेशन में वर्क) दे रहा है। यह व्यवस्था उन पर्यटकों के लिए की गई थी जो वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं। ये पर्यटक पर्यटन का मजा भी ले सकते हैं और होटलों में ठहर कर अपना काम भी कर सकते है, लेकिन यह भी बहुत ज्यादा कारगर नहीं हो पा रहा है। पर्यटक होटलों में ज्यादा
ठहर ही नहीं रहे हैं।

फिलहाल रेस्टोरेंट से आमदनी
पर्यटन निगम को सबसे ज्यादा आमदनी होटल और रेस्टोरेंट से हो रही है। दूसरे नंबर पर बार और बोट क्लब हैं। हालांकि इनमें ज्यादा भीड़ भी नहीं लगती है और 50 फीसदी क्षमता से ये चलाए भी जा रहे हैं। इससे निगम को बहुत ज्यादा आय अर्जित नहीं हो पा रही है। क्योंकि निगम को मैन पावर उतना ही लगाना पड़ रहा है, जितना पूरी क्षमता के साथ चलाने में लगता है। निगम के पास पूरे प्रदेश में 19 बार, 13 बोट क्लब, 75 होटल और रेस्टोरेंट हैं।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.