
Twisha Sharma Case Family Emotional Appeal (source-patrika)
Twisha Sharma Death Case: भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रहने वाली ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद आखिरकार वो दिन आ ही गया जब ट्विशा का अंतिम संस्कार हुआ। मौत के 12वें दिन सवालों और सस्पेंस के बीच भोपाल के भदभदा घाट पर ट्विशा के परिवारवालों ने बेटी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। भाई हर्षित शर्मा ने ट्विशा की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी और हमेशा हमेशा के लिए ट्विशा इस दुनिया से अलविदा हो गई। अंतिम संस्कार से पहले ट्विशा के परिवार ने भोपाल के लोगों से एक भावुक अपील भी की।
ट्वीश के परिवार ने बेटी का अंतिम संस्कार करने से पहले भोपालवासियों से एक भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि- 'हमारी बेटी ट्विशा ने सपनों के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत की थी, वह आज असमय हम सबको छोड़कर चली गई। उसके माता-पिता की सूनी आंखें, टूटे हुए सपने और न्याय की प्रतीक्षा में बीत रहा हर क्षण हमारे समाज के लिए एक मौन प्रश्न है।' परिवार ने भोपाल के सभी लोगों से हाथ जोड़कर प्रार्थना करते हुए कहा कि ट्विशा की अंतिम यात्रा में शामिल हों और उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। परिवार ने ये भी कहा कि जब आज ट्विशा पंचतत्व में विलीन होगी तो केवल एक परिवार नहीं रोएगा बल्कि हर वह हृदय व्यथित होगा जो बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय में विश्वास रखता है।
देखें वीडियो-
भोपाल के भदभदा घाट पर रविवार शाम को ट्विशा का अंतिम संस्कार हुआ। मां के कलेजा चीर देने वाले रुदन और पिता की आंखों से छलकते आंसू देख हर किसी की आंख नम हो गई। भाई हर्षित शर्मा ने ट्विशा की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी और इसके साथ ही हमेशा के लिए ट्विशा इस दुनिया से अलविदा हो गई। जब बेटी की पार्थिव देह लेकर परिवार श्मशान घाट पहुंचा तो पिता नवनिधि शर्मा बार-बार बेटी को निहार रहे थे और उनकी आंखों के लगातार आंसू बह रहे थे। मां रेखा बेसुध हो गईं और वो बार-बार सिर्फ एक बात कह रही थीं बेटी को रोक लो..बेटी को रोक लो।
ट्विशा के अंतिम संस्कार में न तो उसकी सास गिरिबाला सिंह शामिल हुईं और न ही पति समर्थ सिंह। पति समर्थ सिंह पुलिस रिमांड पर है और उसे अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली जिसके कारण वो अंतिम संस्कार में नहीं पहुंच पाया। सास गिरिबाला सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने की खबरें कुछ मीडिया चैनल्स पर आईं तो लेकिन गिरिबाला सिंह भी आखिरी बार ट्विशा का चेहरा देखने के लिए श्मशान घाट नहीं पहुंची।
इससे पहले रविवार को दिल्ली से आई स्पेशल टीम ने ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया। करीब तीन घंटे तक भोपाल के एम्स में ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम चला और पोस्टमार्टम के बाद ट्विशा का शव परिजनों को सौंपा गया। यहां ये भी बता दें कि ट्विशा शर्मा का पति समर्थ सिंह सात दिन की पुलिस रिमांड पर है और उसे ट्विशा के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली, जिसके कारण वो ट्विशा के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाया।
ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: ट्विशा शर्मा के केस पर संज्ञान लिया है। सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले पर सुनवाई करने का फैसला किया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ में ट्विशा शर्मा केस की सुनवाई 25 मई (सोमवार) को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले को 'एक युवती की ससुराल में अप्राकृतिक मौत के मामले में कथित संस्थागत पूर्वाग्रह और प्रक्रियागत विसंगतियां' शीर्षक के तहत लिस्ट किया है। बता दें कि ट्विशा शर्मा की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में 12 मई को हुई थी। ट्विशा के परिवारवालों ने पति समर्थ और सास गिरिबाला सिंह पर प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं।
Published on:
24 May 2026 07:14 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
