बुंदेलखंड के टीकमगढ़ की यह बारात इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। बारातियों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए कुछ लोगों ने नया तरीका निकाल लिया। बारात में डीजे, जनरेटर के साथ ही लाइट वाले गमले तो देखे ही होंगे, इस बारात में कूलर भी शामिल किया गया था। बारात में ठंडी हवा फेंक रहा नागपुरी कूलर देख हर कोई हैरान था। भीषण गर्मी में पसीना पसीना हो रहे बारातियों को उस समय बड़ी राहत मिल रही थी, जब वे नाचते नाचते कूलर के सामने पहुंच जाते थे। ऐसा कई बारातियों ने भी किया।

हाल ही में यह शादी तब हुई जब टीकमगढ़ में दिन का तापमान 43.3 डिग्री पर पहुंच गया था। लोग गर्मी से बेहाल थे। उसी दिन रात को शादी समारोह था। यह बारात मंगलवार की रात को निकली थी। इस बारात में बकायदा एक रिक्शेवाला शामिल था जो कूलर को साथ लेकर चल रहा था। इस कूलर में पानी भी भरा हुआ था, जिस कारण वो ठंडी हवा फेंक रहा था।
चर्चा का विषय बनी बारात
ऐसा नजारा कम ही देखने को मिलता है। बारात में कूलर लेकर चलने का वीडिया वायरल होने के बाद पूरे टीकमगढ़ शहर में इसकी चर्चा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर बुधवार को भी वायरल हो रहा है।