भोपाल

शाह ने पूछा, वंदे मातरम बंद कराना क्या राहुल का निर्णय है

कमलनाथ बोले- राजनीति बंद करो, नए स्वरूप में होगा राष्ट्रगीत आयोजन

भोपालJan 03, 2019 / 07:48 am

रविकांत दीक्षित

vande mataram controversy in madhya pradesh

भोपाल. मंत्रालय प्रांगण में हर माह की पहली तारीख को होने वाले वंदेमातरम गान पर लगी रोक से सियासी घमासान मच गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पूछा है कि मध्यप्रदेश में वंदे मातरम बंद करना क्या कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का निर्णय है। राहुल को इस मामले में जनता के सामने अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। शाह ने सोशल मीडिया पर जारी किए गए अपने बयान में कहा है कि कांग्रेस सरकार द्वारा राष्ट्रगीत गाने पर रोक लगाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। कांग्रेस ने यह काम करके साबित कर दिया कि वो तुष्टिकरण का केंद्र बन रही है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि वे विधानसभा सत्र के पहले दिन 7 जनवरी को भाजपा के सभी विधायकों के साथ वंदेमातरम गान करेंगे और उसके बाद विधायक पद की शपथ लेने विधानसभा पहुंचेंगे।

जल्द नए स्वरूप में शुरू होगा वंदे मातरम- कमलनाथ

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि भाजपा कभी मंदिर के नाम पर तो कभी वंदेमातरम के नाम पर राजनीति करती है। मैं इसकी निंदा करता हूं। बुधवार को मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा, हम वंदे मातरम को नए स्वरूप में ला रहे हैं। एक-दो दिन में इसकी घोषणा की जाएगी। वहीं प्रोटेम स्पीकर दीपक सक्सेना ने कहा कि वंदे मातरम को और अधिक गरिमामय रूप से आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पुलिस बैंड को भी शामिल किया जा रहा है। वहीं विधि मंत्री पीसी शर्मा ने बताया कि वंदे मातरम गान में अभी कुछ ही कर्मचारी जुटते थे। हम इसमें ज्यादा से ज्यादा कर्मचारियों के साथ ही आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित करने जा रहे हैं।

वंदेमातरम गाकर जताया विरोध

भाजपा नेताओं ने सुबह मंत्रालय के सामने पहुंचकर वंदेमातरम गीत का गान किया। उसके बाद कांग्रेस को राष्ट्रविरोधी बताते हुए नारेबाजी भी की। प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, विश्वास सारंग, जालम सिंह पटेल सहित कई भाजपाई मौजूद थे।

भाजपाईयों के मोबाइल पर वंदे मातरम की कॉलर ट्यून

भाजपा इस मुद्दे को भुनाने में जुट गई है। भाजपा की प्रदेश आईटी सेल पार्टी के सभी पदाधिकारियों और नेताओं के मोबाइल फोन पर वंदेमातरम गीत को कॉलर ट्यून के रूप में सेट कर रही है। आईटी सेल प्रमुख शिवराज डाबी ने बताया कि कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को कॉलर ट्यून सेट करने के लिए फोन करने के अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से भी बताया जा रहा है।

Home / Bhopal / शाह ने पूछा, वंदे मातरम बंद कराना क्या राहुल का निर्णय है

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.