भोपाल

तेज बारिश व हवाओं से गिरे पेड़, 20 घंटे तक बंद रहा आम आदमी का रास्ता

निगम अमले ने वीआइपी इलाकों से तुरंत हटा लिए गिरे पेड़

भोपालJul 11, 2018 / 08:53 am

दीपेश तिवारी

आम नागरिक का रास्ता 20 घंटे बाद हुआ साफ

भोपाल. शहर में आंधी और बारिश के दौरान गिरे पेड़ों को हटाने में भी निगम ने लापरवाही बरती। यहां वीआइपी क्षेत्रों में तो ठीक काम हुआ, लेकिन आम क्षेत्रों से पेड़ों को हटाने में आनाकानी करते रहे। कई जगहों पर तो रास्ता साफ होने के लिए लोगों को 20-22 घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
शिवाजी नगर, 74 बंगला, अरेरा कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में गिरे पेड़ों को हटाकर रास्ता साफ करने में निगम की टीम ने जरा भी देर नहीं की, लेकिन आमजन के क्षेत्रों में पेड़ हटाने के लिए पहुंचने में टीम ने 20 से 22 घंटे तक का समय लिया। पेड़ों के सड़क पर पड़े रहने से रहवासी पूरे दिन परेशान होते रहे। कई क्षेत्रों में तो लोगों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना पड़ा। इकबाल कॉलोनी अशोका गार्डन में सोमवार शाम गिरे पेड़ को हटाने 22 घंटे बाद निगम का अमला पहुंचा। मंगलवार शाम को पेड़ हटाकर रास्ता साफ किया गया।
हालांकि निगम अफसरों का कहना है कि तेज बारिश के बीच उपलब्ध संसाधनों से लगातार कोशिश होती रही। अपर आयुक्त कमल सोलंकी का कहना है कि निगम का अमला लगातार काम कर रहा है। सभी इस समय मुस्तैद होकर काम कर रहे हैं। लोगों को तुरंत राहत दी जा रही है।
यहां गिरे पेड़ : मंगलवार को भी बारिश और आंधी में कई जगह पेड़ गिर गए। निगम के कंट्रोल रूम में दर्ज शिकायतों के अनुसार सरगम टॉकीज के पास, सिंधु भवन के पीछे दुर्गानगर में, श्यामलाहिल्स खुशबू पार्क में, शाहपुरा सेक्टर 13 के मकान नंबर 132 के पास, सुल्तानिया अस्पताल के गेट के पास, शाहपुरा ए/206 के पास, भदभदा मेन रोड नेहरू नगर में, करणाधाम मंदिर के पास और लिंक रोड नंबर तीन पर पेड़ गिरे।
इन वीआइपी क्षेत्रों के पेड़ तुरंत हटा दिए : शिवाजी नगर 115/29 के पास, चार इमली बंगला नंबर 2/13 के पास, राजभवन गेट के पास, अरेरा हिल्स बीएसएनएल कार्यालय के पास, चार इमली में डीएक्स इ-5 के पास, 74 बंगले में मंत्री गौरीशंकर शेजवार के बंगले के पास और चार इमली नूतन कॉलेज के पास।
शाम को एक घंटे तक झमाझम बरसे बदरा
मंगलवार को दिनभर बादलों ने छकाया, लेकिन शाम 4 बजे पूरे शहर में काली घटाएं छा गई और जोरदार बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक तेज बारिश ने शहर को भिगो दिया। बैरागढ़ स्थित ऑब्जर्वेटरी के अनुसार रात 8.30 बजे तक राजधानी में 4.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि बाहरी इलाकों की तुलना में शहर में ज्यादा बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र में शाम 5.30 बजे तक 6.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी में अधिकतम तापमान 30.4 और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

Home / Bhopal / तेज बारिश व हवाओं से गिरे पेड़, 20 घंटे तक बंद रहा आम आदमी का रास्ता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.