मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार मार्च महीने में तापमान 40 डिग्री के नजदीक और कई बार पार निकल जाता है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अभी से तापमान बढ़ने से गर्मी महसूस होने लगी है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
मौसम विभाग की माने तो राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाओं के चलते प्रदेश में 15 मार्च के बाद तेजी से तापमान बढ़ने लगेगा। 18 मार्च के बाद तो राज्य के कई इलाकों में लू चलने लगेगी। प्रदेश में पिछले सालों के तापमान को देखें तो अप्रैल-मई महीनों में लू चलती है, पर इस साल मार्च में ही तापमान बढ़ जाएगा।
विभाग के पिछले 10 सालों के रिकार्ड के अनुसार तीन बार तापमान 40 डिग्री के पार निकला जबकि आठ बार 38 डिग्री या इससे ज्यादा रहा। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला का कहना है कि इस वर्ष मार्च में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से उपर रहने के आसार हैं। इसके अलावा अगले सप्ताह से तापमान बढ़ने का क्रम शुरू हो सकता है, जो कि तीसरे सप्ताह तक 35 से 38 डिग्री के पार जा सकता है।

मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और नरसिंहपुर जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने का अनुमान लगाया गया है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही डिंडोरी, अनूपपुर, बैतूल, खंडवा और रायसेन जिलों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें गिरने का अनुमान जताया है। प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
भोपाल मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में पिछले 24 घन्टो के दौरान नर्मदापुरम एवं जबलपुर संभागों के जिलों में कही कही वर्षा दर्ज की गई तथा शेष सम्भागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा। वही प्रदेश में शहडोल संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान काफी बढ गया है, शेष सम्भागों के जिलो में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है। वही शहडोल संभाग के जिलों में सामान्य से काफी अधिक, भोपाल संभाग के जिलों में सामान्य से अधिक तथा शेष संभागो के जिलों में सामान्य तापमान रहा।
प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान खरगौन में 36 डिग्री दर्ज किया। प्रदेश में न्यूनतम तापमानों में सभी संभागो के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। नर्मदापुरम संभाग के जिलों में सामान्य से अधिक तथा शेष संभागो के जिलों में सामान्य रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11डिग्री खजुराहों और रीवा में दर्ज किया।