
समर कैंप : 15 जून तक जिला और विकासखंड मुख्यालयों में चलेंगे
भोपाल। इन दिनों प्रदेश के सभी जिलों में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी खेल कौशल को निखार रहे हैं। विभाग द्वारा प्रतिवर्ष राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के सभी जिलों में समर कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ी की पहचान कर उन्हें खेल के क्षेत्र में अवसर प्रदान करना है।
संचालक खेल डॉ. एसएल थाउसेन ने बताया कि एक मई से 15 जून तक प्रदेश के जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों पर ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से बच्चों को खेल विधा निखारने का अवसर मिल रहा है, वहीं विभाग द्वारा प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों बच्चों की पहचान कर उन्हें खेलों में बेहतर अवसर दिलाने के लिए चिन्हित किया जा रहा है। समर कैम्प के दौरान हैंडबाल, कराते, कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल सहित विभिन्न ख्ेालों में प्रशिक्षक बच्चों को खेल विधा के गुर सिखा रहे हैं।
केडीपीएस ने भोपाल क्रिकेट अकादमी को किया पराजित
खेल संस्कार ग्रुप की ओर से आयोजित पहली अंडर-13 समर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को कमल देवी पब्लिक स्कूल (केडीपीएस) ने भोपाल क्रिकेट अकादमी-2 को 132 रनों के विशाल अंतर से पराजित कर दिया। केडीपीएस के खेल मैदान पर हुए इस मुकाबले में कमला देवी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान 161 रन बनाए। उसकी ओर से कनिष्क ने 44 रनों की पारी खेली। पार्थ ने 37 और गौरव ने 35 रन का योगदान दिया।
भोपाल अकादमी की ओर से गेंदबाजी करते हुए अनुज ने तीन विकेट चटकाए। तैय्यब और वेदान्त को दो-दो विकेट मिले। जवाब में उतरी भोपाल अकादमी की टीम 9.3 ओवर में मात्र 29 रन पर सिमट गई। कोई भी बल्लेबाजी दहाई का आकड़ा भी नहीं छू सका। कमला देवी की ओर से गेंदबाजी करते हुए पार्थ ने तीन, यश, प्रियांशु और दिव्यांश ने दो-दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार कनिष्क को दिया गया।
Published on:
24 May 2018, 8:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.