scriptरिमझिम के बीच 40 किमी प्रतिघंटे से चली हवा, 11 डिग्री तक लुढ़का पारा | Winds of 40 km per hour between Rimzim | Patrika News

रिमझिम के बीच 40 किमी प्रतिघंटे से चली हवा, 11 डिग्री तक लुढ़का पारा

locationभोपालPublished: Oct 05, 2018 01:01:47 am

Submitted by:

Ram kailash napit

806.2 मिमी बारिश मानसून सीजन में एक जून से 30 सितंबर तक राजधानी में

patrika

rain

भोपाल. मानसून के विदा लेते ही लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण गुरुवार को राजधानी में उमड़े बादल बरस पड़े। दोपहर एक बजे के आसपास शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही। अचानक शाम 5.30 बजे 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने लगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में लगभग 11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रात 08.30 बजे तक लगभग 13 मिमी बारिश दर्ज हुई। विशेषज्ञों के अनुसार इसके पीछे मानसूनी सिस्टम या फिर विशेष कारण नहीं है। 35 डिग्री के आसपास पहुंचे तापमान और पहले से वातावरण में उपस्थित नमी के कारण छोटे क्षेत्र में बादल बनकर बरस गए।
गुरुवार सुबह आद्र्रता 66 प्रतिशत जबकि शाम को आद्र्रता 81 प्रतिशत थी। अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस था। यह तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

दोपहर में हुई बारिश के बाद 03.30 बजे तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी भोपाल सहित बादल सीहोर, आष्टा और रायसेन तक ही रहे। छिंदवाड़ा के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। जल्द मौसम सामान्य होगा। विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य तापमान से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
मौसम विभाग में उपलब्ध आंकड़ों पर यदि नजर डालें तो 1955 में अक्टूबर माह में कुल मासिक वर्षा 188.2 मिमी दर्ज की गई थी जबकि 06 अक्टूबर 2009 में 24 घंटे में अधिकतम 128.4 मिमी बारिश हुई थी।

कई जगह गिरे पेड़, घंटों गुल रही बिजली
शाम को तेज हवा और बारिश ने शहर की सड़कें लबालब कर दीं। कई इलाकों में बड़े पेड़ों को धराशायी कर दिया। भेल में गेट नंबर एक के पास बस स्टॉप के सामने बड़ा पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया। बिजली के तार टूटे और पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। नगर निगम कॉल सेंटर पर सूचना आने के बाद टीम रवाना हुई। बिजली कंपनी का अमला भी पहुंचा। देर रात तक इस पेड़ को तारों से हटाने की मशक्कत चलती रही। एक नीम पेड़ लिंक रोड नंबर एक पर गिर गया। एक पेड़ शाहपुरा तालाब के सामने नगर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा से लगे बस स्टॉप के पास गिर गया। जिंसी, पुल बोगदा, भारत टॉकीज समेत अन्य क्षेत्रों में सड़कों पर पानी जमा हो गया। निचली बस्तियों में बारिश के पानी भरने से दिक्कत आई।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो