scriptजान ले रहे राजधानी की सड़कों के गड्ढे, महिला की हुई मौत | Woman dies in road accident in bhopal | Patrika News

जान ले रहे राजधानी की सड़कों के गड्ढे, महिला की हुई मौत

locationभोपालPublished: Oct 10, 2019 01:19:47 am

परवलिया में ओवर ब्रिज के पास हादसा, बेकाबू बाइक से उछलकर गिर गई थी
 

Woman dies in road accident in bhopal

जान ले रहे राजधानी की सड़कों के गड्ढे, महिला की हुई मौत

भोपाल. परवलिया इलाके में बाइक अनियंत्रित होने से पीछे बैठी महिला उछलकर सड़क पर गिर गई। सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को उसकी मौत हो गई। हादसा 7 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे परवलिया इलाके में ओवर ब्रिज के पास हुआ। बताया गया कि महिला अपने बड़े दामाद के साथ बाइक पर सवार होकर कुरावर से भोपाल आ रही थी। पुलिस का अनुमान है कि सड़क पर बारिश की वजह से हुए गड्ढे में बाइक का पहिया गुजरने से बाइक अनियंत्रित हुई होगी। हालांकि पुलिस हादसे की मुख्य वजह की जांच भी कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, कुरावर निवासी 40 वर्षीय सुशीला माहेश्वरी पति स्व. महेन्द्र माहेश्वरी गृहणी थीं। उनके परिवार का व्यापार है। 7 अक्टूबर को सुशीला नेहरू नगर निवासी अपने दामाद नंदकिशोर के साथ भोपाल आ रही थीं। रात करीब आठ बजे परवलिया ब्रिज के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हुई और सुशीला सड़क पर गिर गईं। उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। बेहोशी की हालत पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। पीएम के बाद परिजन उनका शव कुरावर लेकर रवाना हो गए हैं।

2001 में पति की हो चुकी मौत
सुशीला के पति की 2001 में मौत हो चुकी है। उनकी तीन बेटियां, एक बेटा है। बड़ी बेटी की नंदकिशोर के साथ शादी हुई है। बेटा भी भोपाल में रहकर निजी कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है। बेटा-बेटी को देखने के लिए सुशीला दामाद के साथ आ रही थीं। रास्ते में वह हादसे का शिकार हो गईं।

रोज 11 सड़क हादसे
शहर के हर सड़क पर बारिश की वजह से गड्ढे हो गए हैं। प्रशासन शहरी इलाकी सड़कों पर मलवा डालकर गड्ढे भर रहा है। जबकि बाहरी इलाके की सड़कों के गड्ढों से बेखबर है। जो हादसे का प्रमुख कारण बन रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक शहर में हर रोज 11 सड़क हादसे होते हैं। इनमें 30 फीसदी हादसे सड़क की खराबी, गड्ढों की वजह से होते हैं।

हादसा वाहन की तेज गति याकी गड्ढे की वजह से हुआ इसकी जांच की जा रही है। घटना स्थल के पास सड़क पर कुछ गड्ढे हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बाइक चला रहे युवक के बयान लिए गए हैं।
– रंजीत मिश्रा, थाना प्रभारी, परवलिया

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो