सीएम ने घोषणा की है कि मध्यप्रदेश में 'योग आयोग' (Yoga Commission) बना रहे हैं। इसकी पूरी तैयारी भी कर ली गई है। प्रदेश के स्कूलों में भी बच्चों को योग की शिक्षा दी जायेगी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में योग किया।
योग से मन पर रखे नियंत्रण
कार्यक्रम में शिवराज ने योग के फायदे गिनाते हुए बच्चों से कहा कि वह एक दिन नहीं बल्कि रोजाना कम से कम 45 मिनट योग जरूर करें। रोज योग करने से शारीरिक और मानसिक फायदा होता है इससे शारीरिक और मानसिक ऊर्जा में विकास होने के साथ ही तनाव और डिप्रेशन भी कम हो जाता है। सीएम ने बच्चों से कहा कि चाहे कुछ भी हो जाए योगा करके अपने मन पर नियंत्रण पाएं। कई बार बच्चे हताश और निराश हो जाते है। वहीं कुछ बच्चे तो ऊर्जा से भरे हुए होते हैं। इसका कारण है कि वे योग करते हैं और मन पर नियंत्रण रखते हैं।
पर्यावरण और धरती को बचाने के लिए पेड़ लगाए
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मैं हर रोज तीन पेड़ लगाता हूं। पर्यावरण बचाने के लिए पेड़ लगाना चाहिए और संरक्षण भी करना चाहिए। पेड़ लगाकर ऐसा लगता है कि कुछ अच्छा कार्य किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों के साथ योग किया। शिवराज सिंह को अपने बीच पाकर बच्चे खुश नजर आए।
कैसे हुई योग दिवस की शुरुआत
भारत में योग का इतिहास बहुत पुराना हैं। जानकारों के अनुसार योग की उत्पत्ति हजारों साल पहले भारत में ही हुई थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस मनाने की पहल भारत की तरफ से की गई थी। संयुक्त राष्ट्र सभा की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर 2014 को पूर्ण बहुमत से स्वीकार कर लिया। तब से हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग मनाया जाता हैं।