विक्रांत भूरिया बने युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, संजय सिंह को हराया चुनाव
युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव विक्रांत भूरिया ने जीत लिया है।

भोपाल. मध्यप्रदेश यूथ कांग्रेस के लिए हुए चुनावों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव विक्रांत भूरिया ने जीत लिया है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी संजय सिंह को 20420 वोट से हराया है। विक्रांत भूरिया को कुल 40850 वोट मिले। प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में 9 उम्मीदवार थे। संजय सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि अजीत बोरासी, प्रतिमा मुदगल और विपिन वानखेड़े को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
विवेक त्रिपाठी सहित अध्यक्ष पद के 6 उम्मीदवारों को सचिव बनाया गया है। बता दें कि युवक कांग्रेस के नव निर्वाचित अध्यक्ष विक्रांत भूरिया 2018 के विधानसभा चुनाव भाजपा के जीएस डामोर से हार गए थे। मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस को सात साल बाद नया अध्यक्ष मिला है। अब तक विधायक कुणाल चौधरी अध्यक्ष रहे। मध्य प्रदेश में 7 साल बाद युवक कांग्रेस के चुनाव हुए थे। इसके लिए 10, 11 व 12 दिसंबर को मतदान हुआ था। इस चुनाव में 3 लाख 50 हजार सदस्यों में से 1 लाख 10 हजार 821 ने ऑनलाइन मतदान में हिस्सा लिया।
विपिन वानखेड़े ने वापस लिया था नाम
प्रदेश अध्यक्ष के लिए 9 उम्मीदवार मैदान में थे। हालांकि नामांकन 12 उम्मीदवारों ने भरा था, लेकिन अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार विधायक विपिन वानखेड़े ने मतदान से ठीक एक दिन पहले नाम वापस ले लिया था। विपिन वानखेड़े 2020 में हुए उपचुनाव में आगर-मालवा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं।
युवा कांग्रेस के चुनावों में मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होने पर डॉ विक्रांत भूरिया को हार्दिक शुभकामनाएँ।
— Office Of Kamal Nath (@OfficeOfKNath) December 18, 2020
अन्य पदाधिकरियो को भी बहुत-बहुत बधाई।
उम्मीद करता हूँ कि आप युवाओं की आवाज़ बनकर पार्टी की रीति- नीतियो के अनुरूप जनहित के लिये संघर्ष करेंगे।
कमलनाथ ने दी बधाई
पूर्व सीएम कमलनाथ ने विक्रांत भूरिया को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि- युवक कांग्रेस के संपन्न चुनावों में मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होने पर विक्रांत भूरिया को हार्दिक शुभकामनाएं। अन्य पदाधिकरियो को भी बहुत- बहुत बधाई। उम्मीद करता हूं कि आप सभी युवाओं की आवाज़ बनकर पार्टी की रीति- नीतियो के अनुरूप जनहित के लिये संघर्ष करते रहेंगे।
अब पाइए अपने शहर ( Bhopal News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज