scriptOdisha LOP Questiones Naveen decision to skip dinner at Delhi | हीन भावना के कारण नवीन नहीं शामिल हुए राष्ट्रपति के रात्रिभोज में- जयनारायण | Patrika News

हीन भावना के कारण नवीन नहीं शामिल हुए राष्ट्रपति के रात्रिभोज में- जयनारायण

locationभुवनेश्वरPublished: Sep 10, 2023 09:52:15 pm

Submitted by:

Paritosh Dube

राष्ट्रपति की ओर से आमंत्रित किए जाने के बावजूद भव्य रात्रिभोज से दूर रहने के नवीन के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए फायरब्रांड भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री मुर्मू को अपनी बहन बताते रहे हैं, लेकिन उनके निमंत्रण को नजरअंदाज कर दिया।

हीन भावना के कारण नवीन नहीं शामिल हुए राष्ट्रपति के रात्रिभोज में- जयनारायण
हीन भावना के कारण नवीन नहीं शामिल हुए राष्ट्रपति के रात्रिभोज में- जयनारायण

भुवनेश्वर. ओडिशा के नेता प्रतिपक्ष ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से आयोजित जी-20 भव्य रात्रिभोज में शामिल नहीं होने के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर कटाक्ष किया। विपक्ष के नेता जयनारायण मिश्रा ने दावा किया कि कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का निर्णय उनकी हीन भावना के कारण था। राष्ट्रपति की ओर से आमंत्रित किए जाने के बावजूद भव्य रात्रिभोज से दूर रहने के नवीन के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए फायरब्रांड भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री मुर्मू को अपनी बहन बताते रहे हैं, लेकिन उनके निमंत्रण को नजरअंदाज कर दिया। जब द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनी गईं, तो नवीन बाबू ने उन्हें अपनी बहन कहा था। अब जब उन्हें राष्ट्रपति ने जी-20 भोज में आमंत्रित किया तो वे नहीं गए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के कदम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि नवीन हीन भावना से प्रेरित होकर नई दिल्ली में रात्रिभोज में शामिल नहीं हुए। नेता प्रतिपक्ष के मुताबिक मुख्यमंत्री ने सोचा होगा कि वे वहां महान हस्तियों के बीच क्या करेंगे। इस हीन भावना के कारण उन्होंने रात्रि भोज छोड़ दिया।
भाजपा नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरह से मुख्यमंत्री का यह निर्णय अच्छा ही था क्यों कि उनके दिल्ली नहीं जाने से राज्य की छवि और गरिमा बच गई। उनके पास अपने 23 साल के शासन के दौरान राज्य सरकार की ओर से हासिल की गई उपलब्धियों के बारे में बताने के लिए कुछ भी नहीं है। मिश्रा ने कहा कि राज्य अब गरीबों और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के लिए जाना जाता है। सीएम प्रति व्यक्ति आय के बारे में सवालों का सामना करने से डरते हैं। इन सबके कारण ही उनके अंदर हीन भावना घर कर गई लगती है। इन्हीं कारणों ने उन्हें भोज में शामिल होने से रोका। मिश्रा ने मेगा अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में ओडिशा की समृद्ध संस्कृति और विरासत को पेश करने के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद नहीं देने के लिए भी मुख्यमंत्री पर हमला बोला।
----------
बीजद सांसद बोले कोणार्क को गौरवपूर्ण स्थान से उत्साहित
इधर बीजू जनता दल (बीजद) कोणार्क पहिया प्रतिकृति को जी-20 शिखर सम्मेलन में गौरवपूर्ण स्थान दिए जाने से बेहद उत्साहित है। बीजेडी सांसद अमर पटनायक ने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि विश्व प्रसिद्ध कोणार्क पहिए की प्रतिकृति दिल्ली में बनाई गई और प्रधानमंत्री पहिये की पृष्ठभूमि में मेहमानों का स्वागत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन में राज्य की सबसे अच्छी चीजों को पेश किया गया जो हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपरा को पहचानने का संकेतक है।
Copyright © 2023 Patrika Group. All Rights Reserved.