राहुल गांधी से मिले राज्य कांग्रेस के पदाधिकारी
पार्टी ने महानदी जल विवाद के हल में भाजपा की केंद्र और छत्तीसगढ़ की सरकारों का रवैया तथा ओडिशा सरकार की लापरवाही को अगला चुनावी मुद्दा बनाने का निर्णय किया है। ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष पटनायक व उनके सात पदाधिकारियों को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने के लिए 45 मिनट का अवसर दिया गया था।
इस दौरान पटनायक ने दो महीने में पार्टी की गतिविधियों पर रिपोर्ट दी और राज्य में पार्टी की मजबूती पर चर्चा की। राहुल से मिलने वालों में निरंजन पटनायक, ओडिशा प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह, रंजीत बिस्वाल, नव दास, प्रदीप माझी आदि थे।
नए कार्यकर्ताओं के लिए अच्छा अवसर
लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा करने और कमेटी गठन के बाद पार्टी को राज्य में संबल मिलेगा। बड़े समय से पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ता जो संगठन में आने की इच्छा रखते है उनके लिए यह अच्छा अवसर है। राज्य कांग्रेस अध्यक्ष निरंजन पटनायक काम के आधार पर 33 जिला और शहर कमेटी के अध्यक्षों को बदलेंगे। इसी के साथ नई कमेटियों का गठन भी किया जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस बात पर सहमति देकर यह साफ कर दिया है कि राज्य में पार्टी के नए और समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में काम करने का मौका दिया जाना चाहिए। अब यह राज्य के कांग्रेस अध्यक्ष पर निर्भर है कि वह किस प्रकार से इस राज्य के जिला स्तरीय और शहरी ढांचे में परिवर्तन करते है।