scriptकहां पड़ेंगे पंडा के कदम, भाजपा या नई पार्टी में | panda will join which party | Patrika News

कहां पड़ेंगे पंडा के कदम, भाजपा या नई पार्टी में

locationभुवनेश्वरPublished: Jun 12, 2018 05:59:17 pm

Submitted by:

Shailesh pandey

बैजयंत पंडा ने केंद्रपाड़ा के सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। पंडा ने अपना इस्तीफा लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को भेज दिया है।

panda and pradhan

panda and pradhan

महेश शर्मा की रिपोर्ट…

(भुवनेश्वर): बैजयंत पंडा ने केंद्रपाड़ा के सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। पंडा ने अपना इस्तीफा लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को भेज दिया है। यह जानकारी खुद बैजयंत पंडा ने दी। उन्होंने इस्तीफे की सूचना संबंधी एक ट्वीट भी किया है, जिसमें उन्होंने बीजद अध्‍यक्ष नवीन पटनायक का जिक्र किया है। उन्होंने कहा था कि पिता बंसीधर पंडा की अत्येंष्टि के उपरांत पंडा लोकसभा अध्यक्ष को इस्तीफा सौंप देंगे। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के विदेश दौरे पर होने के कारण वह मिल नहीं सके। इसीलिए इस्तीफे की प्रति भिजवा दी।

 

भाजपा का दामन थामने की संभावना

 

उल्लेखनीय है कि पंडा को 24 जनवरी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बीजद से निकाला गया था। उन्होंने 28 मई को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। समझा जाता है कि बैजयंत भाजपा का दामन थाम सकते हैं। उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संगठन के महामंत्री राममाधव से नजदीकियां जगजाहिर हैं। हालांकि एक अटकल यह भी लगाई जा रही है कि पंडा क्षेत्रीय पार्टी बना सकते हैं। लेकिन उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में यह भी कहा कि वह किसी के वोट बैंक को प्रभावित नहीं करेंगे। उनके राजनीतिक भविष्य के लिए सभी विकल्प खुले हैं।

 

तलाश रहे क्षेत्रीय पार्टी की संभावना

 

पंडा के करीबी सूत्रों ने बताया कि वह नई क्षेत्रीय पार्टी गठन करने की भी संभावनाएं तलाश रहे हैं। हो सकता है कि केंद्रपाड़ा से वह भाजपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ें। भाजपा के सूत्र भी यही कहते हैं कि पार्टी को फायदा इसी में है कि वह बीजद के वोट काटें। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि समान विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में आस्था रखने वालों का भाजपा में स्वागत है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने भी कहा है कि पंडा के लिए उनकी पार्टी के दरवाजे खुले हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो