बीकानेर

शहर कांग्रेस में ऊर्जा फूंक गए दो घंटे रहे गहलोत

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बज्जू में किसान सम्मेलन के बाद दो घंटे शहर में रहे और चार कार्यक्रमों में शामिल हुए।

बीकानेरSep 09, 2018 / 07:54 am

dinesh kumar swami

ashok gehlot

बीकानेर. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बज्जू में किसान सम्मेलन के बाद शनिवार रात दो घंटे शहर में रहे और चार कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उत्साह से कार्यकर्ताओं से मिले। जिससे शहर कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार हुआ। बज्जू में किसान सम्मेलन होकर गहलोत रात करीब पौने आठ बजे बीकानेर पहुंचे।
 

यहां उन्होंने ब्रह्म बगीची में भवन का उद्घाटन, श्री हीरेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिमा अनावरण और नोखा रोड पर व्यायाम शाला का उद्घाटन आदि कार्यक्रमों में शिरकत की। पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने पूगल रोड हीरालाल गहलोत की स्मृति में निर्मित श्री हीरेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक पूजन कर सेठ हीरालाल गहलोत की मूर्ति का अनावरण किया।
 

उन्होंने नवनिर्मित मंदिर का अवलोकन भी किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, विधायक भंवर सिंह भाटी, डॉ. बीडी कल्ला, वीरेन्द्र बेनीवाल, मंगलाराम गोदारा, गोविन्द मेघवाल, राजकुमार किराडू, गोपाल गहलोत सहित कांग्रेस नेता व पदाधिकारी उपस्थित थे।
 

व्यायामशाला का उद्घाटन
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने नोखा रोड पर पन्नालाल गहलोत की स्मृति में निर्मित गुरु हनुमान व्यायाम शाला का उद्घाटन किया। उन्होंने पट्टिका का अनावरण कर फीता काटा और पहलवानों की कुश्ती को देखा। गहलोत ने कहा कि गुरु हनुमान का नाम देश में गौरव के साथ लिया जाता है। देश में खिलाडि़यों और खेल संघों को प्रोत्साहन मिलना जरूरी है।
 

कार्यक्रम में ऑलम्पिक में पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार ने बीकानेर की जनता से स्वर्ण पदक जीतने का आशीर्वाद मांगा। कार्यक्रम में द्रोणाचार्य अवार्ड विजेता महासिंह राव, अर्जुन पुरस्कार विजेता राजीव तोमर, पूर्व सांसद जमना बारूपाल सहित कई नेता और पहलवान उपस्थित रहे। संस्था के चन्द्रप्रकाश गहलोत ने पूर्व मुख्यमंत्री व पहलवानों का अभिनंदन किया।
 

भवन का लोकार्पण
नत्थूसर बास स्थित ब्रह्म बगीचा में मुक्निाथ महादेव मंदिर में अशोक गहलोत ने भवन का लोकार्पण किया। इससे पहले गहलोत ने मुक्तिनाथ महादेव का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान ब्रह्म बगीचा प्रन्यास की ओर से अशोक गहलोत को साफा पहनाकर, स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनन्दन किया गया।
 

प्रन्यास के हीरालाल हर्ष, तोलाराम पेडिवाल, अरविन्द मिढ्ढा, जन्मेजय व्यास सहित कांग्रेस विधायक, पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। उधर, नोखा रोड पर माली सैनी समाज और जिला टैन्ट व्यवसायी संघ की ओर से अशोक गहलोत का स्वागत गुलाब गहलोत और पूनम कच्छावा के नेतृत्व में किया गया।
 

ढाई लाख की सहायता
गोगागेट स्थित गौडी पाश्र्वनाथ मंदिर में रामरतन कोचर चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में ट्रस्ट की ओर से कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत को केरल बाढ़ पीडितों के लिए २ लाख ५१ हजार रुपये भेंट किए गए। ट्रस्ट के बल्लभ कोचर, जयचन्द लाल डागा, चन्द्र कुमार कोचर, अनन्तवीर जैन, डीपी पचीसिया, विजय कोचर, निहाल चंद कोचर, निर्मल पारख, सुमित आदि ने गहलोत का स्वागत किया।
 

गहलोत का स्वागत
गहलोत का नाल एयरपोर्ट, नोखा रोड आदि स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। गजनेर फांटे पर युकां पश्चिम विधानसभाध्यक्ष अरुण व्यास, गिरिराज, नरनारायण, मुरली किराडू, सलमान ने स्वागत किया।
 

Home / Bikaner / शहर कांग्रेस में ऊर्जा फूंक गए दो घंटे रहे गहलोत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.