पहली बार...
नगर निगम में यह पहला अवसर है, जब एक पार्टी का निर्वाचित बोर्ड, महापौर व उप महापौर होने के बाद भी दूसरी पार्टी के पार्षद ने सदन की अध्यक्षता की व कार्यवाही का संचालन किया। महापौर, उप महापौर और भाजपा पार्षदों के सदन में नहीं पहुंचने पर मौजूद कांग्रेस पार्षदों ने वरिष्ठ पार्षद नंद लाल जावा को सदन अध्यक्ष चुना। जावा ने सभा की कार्यवाही का संचालन किया।
फैसला: घरों से न वसूला जाए यूजर चार्ज
साधारण सभा में कांग्रेस पार्षदों ने बैठक एजेण्डा अनुसार जनसमस्याओं को रखा। पार्षद प्रफुल्ल हटीला ने सभी वार्डों में 40-40 लाख रुपए के विकास कार्य करवाने की मांग रखी। दुर्गा दास छंगाणी ने सभी वार्डों में समान रूप से एलइडी लाइटें देने, सफाई कर्मचारियों की कमी को दूर करने और पानी के सार्वजनिक स्टैण्ड की सुध लेने की मांग रखी। मनोनीत पार्षद निर्मला बल्भेष चावंरिया ने 16 सफाई कर्मचारियों के निलंबन के बाद रिक्त हुए पदों को भरने की बात रखी। पार्षद अंजना खत्री ने मृत पशु ठेकेदार के श्रमिकों की ओर से आमजन से राशि मांगने, निगम क्षेत्र के पार्को की सुध लेने व विकास कार्य करवाने की बात कही। पार्षद सुशील सुथार ने घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था में आवासीय घरों से यूजर चार्ज नहीं वसूलने का प्रस्ताव रखा। वहीं एलइडी लाइटों, ट्रैक्टर ट्रॉलियों के वार्डों में पूरे फेरे नहीं होने की बात रखी। अभियान के बावजूद लोगों के पट्टे नहीं बनने का मुद्दा भी सदन में रखा। पार्षद जावेद पडि़हार ने निगम की ओर से हाल ही में किए 415 लाइटों के टेंडर को निरस्त करने की बात कही। चर्चा में पार्षद जावेद खान, मोहम्मद रफीक, शांति लाल मोदी, अनिता शर्मा, राजेश आचार्य, विनोद कोचर शामिल हुए। इस दौरान सदन के पटल पर रखे गए कई प्रस्ताव भी पारित किए गए।
कांग्रेस पार्षदों की नारेबाजी, बहिष्कार
निगम में नेता प्रतिपक्ष चेतना चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस के करीब डेढ दर्जन पार्षद बैठक शुरू होने के दौरान नारेबाजी करते हुए पहुंचे। चौधरी की आयुक्त गोपालराम बिरदा के साथ बहस भी हुई। नेता प्रतिपक्ष ने आयुक्त के वायरल मैसेज की बात कहते हुए पार्षदों को धमकाने का आरोप लगाया। इसके बाद चौधरी के साथ आए पार्षद बैठक का बहिष्कार कर सदन से बाहर चले गए।
दो धड़ों में बंटी कांग्रेस
पार्षद जावेद पडि़हार के नेतृत्व में जहां 14 पार्षदों ने जनसमस्याओं पर हुई चर्चा में भाग लिया, वहीं नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में कई पार्षद बैठक का बहिष्कार कर बाहर निकल गए।
पत्रिका के मुद्दे छाए
साधारण सभा के दौरान राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित समाचार छाए रहे। कांग्रेस पार्षद अंजना खत्री ने घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था के काम आ रही ऑटो टिपर को 266 रुपए में किराए देने व इतनी राशि में बैलगाडा भी किराया नहीं आने का मुद्दा उठाया। वहीं सुशील सुथार व जावेद पडि़हार ने आवासीय घरों से यूजर चार्ज वसूली का मुद्दा रखा।
महापौर को जनसमस्याओं से सरोकार नहीं
निगम के वर्तमान बोर्ड के कार्यकाल में यह पहली सभा हुई है, जिसमें जनमसस्याओं पर चर्चा हुई। सभा की अध्यक्षता करने वाले कांग्रेस पार्षद नंद लाल जावा ने कहा कि महापौर सदन में जनसमस्याओं पर चर्चा करने से घबरा रही हैं। इसलिए बैठक से दूर रहीं। उन्हें जनसमस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
आयुक्त नियमों की कर रहे अवहेलना
नगर निगम आयुक्त नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों का अपमान कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष चेतना चौधरी के अनुसार आयुक्त पार्षदों को सोशल मीडिया पर धमका रहे हैंं। सभा आयोजित कर सम्मानजनक तरीके से बुलाना था, लेकिन ऐसा नहीं किया।