बीकानेर

अब आधार नंबर बिना नहीं बन रहा विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र

ऑफलाइन की व्यवस्था बंद, निगम प्रशासन ने जयपुर भेजा प्रकरण

बीकानेरDec 04, 2019 / 12:01 pm

Vimal

अब आधार नंबर बिना नहीं बन रहा विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र

बीकानेर. ऑनलाइन विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र के लिए पति के आधार कार्ड नम्बर की आवश्यकता एक महिला के लिए परेशानी का सबब बन गई है। पति के जीवित रहने के दौरान आधार कार्ड की व्यवस्था नहीं थी, अब पति के आधार कार्ड नम्बर के बिना महिला को विवाह पंंजीयन प्रमाण-पत्र नहीं मिल पा रहा है। नगर निगम प्रशासन भी इसे लेकर असमंजस में है। महिला को विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र उपलब्ध करवाने के लिए निगम आयुक्त ने इस प्रकरण को जयपुर भेज दिया है। निगम अधिकारियों के अनुसार पहचान पोर्टल पर ऑनलाइन व्यवस्था से विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी होने की सुविधा के बाद से ऑफलाइन व्यवस्था बंद कर दी गई है।

नगर निगम आयुक्त ने आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय के निदेशक को भेजे पत्र में बताया है कि इन्द्रा कॉलोनी निवासी नीलम कंवर पत्नी गोविन्द सिंह ने विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन किया है। नीलम का विवाह वर्ष 1997 में गोविन्द सिंह से हुआ था। वर्ष 2004 में गोविन्द सिंह की मृत्यु हो गई। आयुक्त ने बताया कि जिस समय महिला का पति जीवित था, उस समय आधार कार्ड बनाने का प्रावधान नहीं था। एेसे में उसके पति का आधार नम्बर उपलब्ध नहीं है। वर्तमान में विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र पहचान पोर्टल के माध्यम से जारी किए जा रहे हैं। इसके लिए पति और पत्नी दोनों के आधार कार्ड नम्बर की प्रविष्टि जरूरी है। एेसे में महिला का विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहा है।
कहां से लाए आधार कार्ड नम्बर
विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र के लिए हो रही परेशानी को लेकर मंगलवार को भाजपा नेता भगवान सिंह मेडतिया ने निगम आयुक्त से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि आवेदक महिला के पति के जीवित रहने तक आधार कार्ड का प्रावधान ही नहीं था। अब वह पति का आधार कार्ड कहां से लाएगी। पार्षद कमल कंवर ने बताया कि महिला को विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। निगम प्रशासन को प्रमाण पत्र जल्द जारी करवाने की व्यवस्था करनी चाहिए।
भेज दिया है प्रकरण
विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र के लिए ऑनलाइन व्यवस्था है। इसमें पति और पत्नी दोनों के आधार कार्ड नम्बर की प्रविष्टि आवश्यक है। इस प्रकरण में पति का आधार कार्ड नम्बर नहीं है। एेसे में प्रकरण को आवेदन-पत्र के साथ जयपुर भेज दिया गया है।
डॉ. प्रदीप के गवांडे, आयुक्त, नगर निगम बीकानेर
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.