scriptकार व बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत | bikaner news- car bike collision, two killed | Patrika News

कार व बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत

locationबीकानेरPublished: Sep 03, 2019 08:21:33 pm

Submitted by:

Jai Prakash Gahlot

bikaner news- महाजन के पास हुआ हादसा, 25 किमी मिला एक मृतक
 

car bike collision

कार व बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत

बीकानेर. महाजन. राजमार्ग संख्या 62 पर अरजनसर की ओर सोमवार रात एक बाइक व कार की आमने-सामने हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं कार में सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक राजियासर थाना क्षेत्र का करडू निवासी करीब २४ वर्षीय कालूराम नायक महाजन में मिलने आया था। वह कालूराम महाजन निवासी जोरावरसिंह भाट के साथ बाइक पर महाजन से अरजनसर की ओर जा रहा था। महाजन से निकलते ही बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई। इससे कालूराम गम्भीर रूप से घायल हो गया।
वहीं जोरावरसिंह भाट उछलकर पास से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में गिर गया। जिसका पता किसी को नहीं चला। कार में सवार अमित भी घायल हुआ। हादसे की सूचना पर महाजन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अमित व कालूराम को महाजन अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां कालूराम की हालत गम्भीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर कर दिया। बीकानेर जाते समय रास्ते में कालूराम ने दम तोड़ दिया।
वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली राजमार्ग पर लूणकरनसर की ओर स्थित हरियासर टोल नाके पर पहुंची। तब टोलकर्मियों ने ट्रैक्टर चालक को बताया कि ट्रॉली में एक व्यक्ति है जो गिर सकता है। चालक ने जब देखा तो उसके होश उड़ गए। ट्रॉली में पड़े युवक की मौत हो चुकी थी। आनन-फानन में लूणकरनसर पुलिस को सूचना दी गई। बाद में मौके पर महाजन सीआई ईश्वरसिंह भी जाप्ते सहित पहुंचे। जोरावर के परिजन भी टोल नाके पर पहुंच गए।
परिजनों ने ट्रॉली में पड़े युवक की पहचान जोरावरसिंह भाट उम्र करीब ३५ वर्ष के रूप में की। महाजन पुलिस ने दोनों शवों को महाजन अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। मंगलवार सुबह पुलिस ने दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए। मृतक जोरावर के भाई जगमाल भाट ने मुकदमा दर्ज करवाया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो