बीकानेर

बीकानेर निगम सीमा में शामिल हो सकेंगी 50 कॉलोनियां

bikaner news : नगर निगम की साधारण सभा में हंगामे के बीच निगम सीमा वृद्धि का प्रस्ताव पारित; एजेण्डे में तीन बिन्दु शामिल, दो पर चर्चा नहीं

बीकानेरSep 12, 2019 / 10:59 am

Jitendra

बीकानेर निगम सीमा में शामिल हो सकेंगी 50 कॉलोनियां

बीकानेर. nagar nigam नगर निगम की साधारण सभा General Assembly की बैठक बुधवार को हंगामेदार रही। जयपुर रोड स्थित 50 कॉलोनियों को निगम सीमा में शामिल करने के प्रस्ताव पर सदन की मुहर लग गई। हंगामे के बीच सदस्यों ने निगम सीमा वृद्धि के प्रस्ताव को पारित किया। वहीं बैठक में आरक्षित दर संशोधन करने और वित्तीय वर्ष 2019-20 से पूर्व तीन वर्ष से अधिक बकाया नगरीय विकास कर की वसूली के लिए सम्पत्तियां सील-कुर्क करने पर चर्चा नहीं हुई।
इससे पहले महापौर नारायण चौपड़ा ने बैठक के एजेण्डे में शामिल पहले दो बिन्दुओं पर चर्चा नहीं करवाकर सीधे निगम सीमा वृद्धि के प्रस्ताव को सदन में रखा। हालांकि कुछ सदस्यों ने एजेण्डे में शामिल दो बिन्दुओं पर चर्चा नहीं करवाने पर आपत्ति भी जताई। निगम सीमा वृद्धि के प्रस्ताव पर किसी पार्षद का विरोध सामने नहीं आया। कांग्रेस पार्षदों ने प्रस्ताव से संबंधित दस्तावेज और सर्वे रिपोर्ट पटल पर रखने की मांग महापौर से की। नेता प्रतिपक्ष जावेद पडि़हार ने निगम सीमा वृद्धि पर एक दिन में सर्वे करने पर सवाल उठाया। प्रस्ताव पर चर्चा के साथ पार्षद जनसमस्याओं को भी उठाते रहे।
46 पार्षद रहे उपस्थित
साधारण सभा में निगम के 60 पार्षदों में से 46 पार्षद उपस्थित। बैठक में भाजपा के 27 , कांग्रेस के 13 और 6निर्दलीय उपस्थित रहे। उप महापौर अशोक आचार्य भी मौजूद नहीं थे।
अलग रहा नजारा
साधारण सभा में बुधवार को नजारा कुछ बदला-बदला नजर आया। पिछली बैठकों में महापौर से असंतुष्ट नजर आने वाले भाजपा के कुछ पार्षद इस बार महापौर के पक्ष में खडे़ दिखाई दिए। उन्होंने भाजपा बोर्ड की उपलब्धियां भी गिनाई।
चर्चा में ये हुए शामिल
सदन में निगम सीमा वृद्धि सहित जनसमस्याओं को लेकर हुई चर्चा में भाजपा के भगवती प्रसाद गौड़, राजेन्द्र कुमार शर्मा, मोहम्मद ताहिर हुसैन, दुलीचंद शर्मा, नरेश जोशी, गिरिराज जोशी, विनोद धवल, शिव कुमार रंगा, पूजा ईणखिया, कृष्णा कंवर, दिनेश उपाध्याय, प्रेम रतन जोशी, राजा सेवग और कांग्रेस के जावेद पडि़हार, हजारीमल देवड़ा, नन्द लाल जावा सहित निर्दलीय पार्षद आदर्श शर्मा शामिल हुए।
पार्षद उलझे
साधारण सभा के दौरान कई बार पक्ष और विपक्ष के पार्षद उलझे। शब्दों की सीमाएं टूटी व माहौल भी गर्माया। कांग्रेस पार्षद जावा भाजपा के पार्षदों के बार-बार टोकने से नाराज हो गए। इस दौरान जावा के एक शब्द का उच्चारण करने से मामला गर्मा गया। भाजपा पार्षदों ने कड़ी आपत्ति जताई। भगवती प्रसाद गौड व नन्दलाल जावा इस दौरान उलझ गए। अन्य पार्षदों ने बीच-बचाव किया।
कांग्रेस ने मांगा हिसाब
बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने भाजपा बोर्ड से पांच सालों के कार्यों का हिसाब मांगा। उन्होंने शहर में काम नहीं होने के आरोप लगाए। इसके जवाब में भाजपा के पार्षदों ने गोशाला निर्माण, आवासन मण्डल की कॉलोनियों के निगम में हस्तांतरण, घर-घर कचरा संग्रहण, एलईडी लाइटें, स्वच्छत भारत मिशन, मशीनों व संसाधनों में बढ़ोतरी आदि उपलब्धियां गिनाई।
ये रखी जनसमस्याएं
साधारण सभा में पार्षदों ने डे एनएलएम योजना से संबंधित, मृत पशुओं को नहीं उठाने, पार्षदों की सुनवाई नहीं होने, वार्ड में काम नहीं होने, पॉलीथिन पर रोक लगाने, गंगाशहर एसटीपी के बंद होने, लाखों की मशीनों के उपयोग नहीं होने और बदहाल सड़कें, जाम नाले-नालियां व सीवरेज की समस्याएं रखी।
चारों तरफ हो निगम सीमा वृद्धि
निगम सीमा वृद्धि के प्रस्ताव पर कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि निगम सीमा वृद्धि में जयपुर रोड स्थित ५० कॉलोनिया ही क्यों, शहर के चारों ओर निगम सीमा का विस्तार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के आसपास की कॉलोनियां भी निगम सीमा में शामिल की जानी चाहिए।
सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित
नगर निगम सीमा वृद्धि पर प्रस्ताव को पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने एकमत से पारित किया है। सरकार की ओर से निगम सीमा में वृद्धि को लेकर बोर्ड की राय जानी गई थी। बोर्ड ने इस प्रस्ताव को पारित कर दिया है। निगम सीमा में इन क्षेत्रों के शामिल होने से निगम पर कोई भार नहीं पडेग़ा।
नारायण चौपड़ा, महापौर, नगर निगम बीकानेर
महापौर ने गुमराह किया
कांग्रेस जनहित से जुडे़ मुद्दों के पक्ष में रही है। प्रस्ताव रखते ही कांग्रेस ने पक्ष में सहमति जता दी थी। महापौर ने सदन को गुमराह किया। एजेण्डे में रखे दो बिन्दुओं पर चर्चा नहीं होना निदंनीय है। महापौर ने सदन में कहा कि उनकी बिना जानकारी के ये बिन्दु रखे गए। बैठक में जनसमस्याओं पर चर्चा होनी चाहिए थी।
जावेद पडि़हार, नेता प्रतिपक्ष
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.