खबर-विमल छंगाणी कांग्रेस के इतिहास से हो रहे रु ब रु, जनता तक तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाएंगे कार्यकर्ता बीकानेर. विधानसभा चुनावों के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट और जागृत करने में जुट गई है। इसकी झलक श्रीगंगानगर रोड स्थित शगुन पैलेस में शनिवार से शुरु हुए शहर कांग्रेस के दो दिवसीय आवासीय शिविर के पहले दिन दिखी। प्रशिक्षण के दौरान वक्ताओं ने कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आमजन तक तथ्यात्मक और सही जानकारी पहुंचाने की बात पर जोर दिया। वहीं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के इतिहास से भी रु ब रु करवाने के लिए जानकारी दी। इससे पहले ध्वजारोहण के साथ आवासीय प्रशिक्षण की शुरुआत हुई।
उद्घाटन सत्र में मंत्री गोविन्दराम मेघवाल ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रम को कैसे पहचाने और उसकी वास्तविकता को कैसे जनता के बीच लाया जाए। इसके लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता जनता तक सटीक जानकारी पहुंचाएंगे। पूर्व मंत्री वीरेंद्र बेनीवाल ने कांग्रेस और भाजपा के फर्क को समझाते हुए कांग्रेसजनों को हर स्थिति में तैयार रहने को कहा । प्रशिक्षण शिविर में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, पार्षदों के साथ प्रमुख कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।