सूरसागर में हाल ही के दिनों में शहर में आई बारिश के दौरान व जूनागढ़ खाई में भरा नाले का पानी सूरसागर में पहुंचने के कारण सूरसागर से गंदे पानी को निकाला जा रहा है। वहीं सूरसागर के पास िस्थत सीवर चैम्बर की सफाई का कार्य भी चल रहा है। निगम की ओर से सीवर सफाई के लिए भी एक पम्प लगाया गया है। वहीं सूरसागर परिसर में िस्थत सेल्फी पॉइन्ट के पास सीवर सफाई के लिए गड्ढा भी खोदा गया है।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
सूरसागर में पहुंचे गंदे पानी व चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण सोमवार को अधिकारियों ने किया। अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर पंकज शर्मा, संभागीय अधीक्षण अभियंता ललित ओझा, न्यास एसई राजीव गुप्ता, निगम एक्सईएन संजय ठोलिया आदि मौजूद रहे। एडीएम सिटी के अनुसार सूरसागर के पास सीवर समस्या के समाधान के साथ-साथ सूरसागर से गंदे पानी को निकालने का काम भी शुरू हो गया है।
पहले सीवरेज समस्या का हो समाधान
नगर निगम उप महापौर ने सूरसागर तालाब से गंदा पानी निकालने से पहले सूरसागर रोड, गिन्नाणी क्षेत्र की जाम पड़ी सीवरेज लाइनों व चैंबर की समस्या को प्रमुखता से निस्तारण करने के लिए कहा है। सोमवार को सूरसागर पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे उप महापौर ने कहा कि सीवर समस्या के कारण पूरा गिन्नाणी क्षेत्र पंवारसर क्षेत्र परेशान है। मूल समस्या सीवर की है, सूरसागर की नहीं। उप महापौर के अनुसार सीवर समस्या से पहले सूरसागर को खाली करवाने का निर्णय बेतुका है। सीवरेज जाम की ओर निगम ध्यान नहीं दे रहा है। उप महापौर ने क्षेत्र का दौरा कर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों को सीवर समस्या के जल्द समाधान के निर्देश दिए।