जहां सीवर लाइन, वहां सड़कें
न्यास की ओर से दो करोड की राशि से जो सड़क निर्माण के कार्य करवाए गए, वे अधिकतर उन गलियों में ही हुए हैं, जहां सीवर लाइन डालने का कार्य हो चुका है। जिन गलियों में अब तक सीवर लाइन का कार्य नहीं हुआ है, वहां सड़कों का निर्माण नहीं हुआ है। कुछ स्थानों पर सीवर लाइन होने के बाद भी मिसिंग लिंक के कारण सड़कों का निर्माण नहीं हो पा रहा है।
नालियां बन गईं, आगे पानी का निस्तारण नहीं
एन डी विद्यापीठ रोड पर लगभग एक किमी तक नालियां व क्रॉस का निर्माण हो गया, लेकिन नाली निर्माण के बाद नालियों से बहने वाले गंदे पानी का आगे निस्तारण नहीं है। मंडी की ओर गंदा पानी जा रहा है।
डामरीकरण का इंतजार
बंगला नगर क्षेत्र में कई गलियां ऐसी भी हैं, जहां कंकरीट आदि डालकर सड़क बननी शुरू हो गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़कों पर डामर आज तक नहीं लग पाया है। सड़कों पर कंकर निकले हुए है।
कई पक्की, कई कच्ची सड़कें
बंगला नगर क्षेत्र में सड़कों की स्थिति असामान्य है। कई सड़कें पक्की बन चुकी हैं, लेकिन कई सड़कें अब भी कच्ची है। कई सड़कों पर केवल कंकरीट डालकर छोड़ दिया गया है। कई स्थानों पर सड़क और सीवर लाइन दोनों की सुविधा हो गई है, लेकिन कई गलियों में अब तक न सीवर पहुंची है और ना ही सड़क-नालियों का निर्माण हुआ है।
सड़क, नाली निर्माण के हुए कार्य
बंगला नगर क्षेत्र में सड़क, नाली, क्रॉस, सीवर मिसिंग लिंक के कार्य हुए हैं। बंगला नगर का क्षेत्रफल काफी अधिक है। इन कार्यो के लिए जनवरी में वर्क ऑर्डर जारी हुआ था। कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से कार्य किए गए। दो करोड़ की राशि के कार्य हुए हैं। इनमें डामर सड़क, सीसी सड़क, नालियां, क्रॉस, सीवर मिसिंग लिंक कार्य शामिल हैं। बंगला नगर क्षेत्र में वार्ड संख्या 1,19,20 व 21 के क्षेत्र आते हैं। इन वार्डो की अधिकतर गलियों में सड़क, नाली, सीवर लाइन के कार्यों की जरूरत है। इसके लिए बड़े बजट की जरूरत रहेगी। -
विनीत सीलू, कनिष्ठ अभियंता, नगर विकास न्यास, बीकानेर
नालियां बनीं, सड़क का इंतजार
एफसीआई गोदाम के पास एन डी विद्यापीठ रोड पर नाली निर्माण का कार्य हुआ है। नाली का लेवल सही नहीं है। सड़क पर कंकरीट डाला जा चुका है। डामर अब तक नहीं हुआ है। नालियों से जा रहे पानी का आगे निस्तारण नहीं है।
विवेकानंद गहलोत, स्थानीय निवासी
सड़क का हुआ निर्माण
मंडी दीवार के पीछे भैरव बिल्डिंग मटेरियल वाली गली में डामर सड़क का निर्माण हुआ है। कुछ महीने पहले ही सड़क बनी है। पास की गलियों में अब तक सड़कें नहीं बन पाई हैं।
टेक चंद कच्छावा, स्थानीय निवासी
सीवर लाइन है, सड़क की जरूरत
बाबा रामदेव ज्वैलर्स रोड पर डामर सड़क का निर्माण कुछ महीनों पहले हुआ है। रोड पर पहले सीवर लाइन डाली हुई है। नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। क्षेत्र की कुछ गलियां बाकी है, जहां सड़कें बननी चाहिए।
असगर अली, स्थानीय निवासी
कई सड़कें अब भी कच्ची
कुछ महीनों पहले क्षेत्र में सड़कें पक्की बनी हैं। जहां सीवर लाइन है, वहां पक्की सड़कें बनी हैं। क्षेत्र में अब भी कई सड़कें कच्ची हैं। लोग परेशान होते रहते हैं। कई स्थानों पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है।
हुरमत बानो, स्थानीय निवासी