अधिकतम तापमान से बरकरार रहा गर्मी का असर
गुरुवार दोपहर को लू का असर बढ़ा दिखाई दिया। शाम को हल्की उमस रही। इससे चिपचिपाहट महसूस की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री एवं न्यूनतम 30.1 डिग्री दर्ज किया गया। अगर अंचल में दक्षिणी पश्चिमी हवा यूं ही चलती रही तो बादलों का आना भी मुश्किल साबित हो सकता है। हवा का रुख बदलने पर ही बारिश के कुछ आसार बन सकते हैं।
समझ न आए मौसम की अटखेलियां
इधर, गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात से मौसम का मिजाज कुछ-कुछ अनिश्चित सा दिखाई देता है। शुक्रवार तड़के आलम यह था कि गर्म हवाओं के बीच कहीं से ठंडी शीतल बयार जैसे मन को तरोताजा कर रही थी, लेकिन फिर अगले ही पल गर्म हवाओं के आगोश में वह शीतलता भी कहीं विलुप्त होती दिखाई दी। सुबह आठ बजे से ही चिपचिपे पसीने ने परेशान करना शुरू कर दिया। हालांकि इन सबके बीच बीच में पवन के तेज झकोरे जरूर कुछ राहत प्रदान करते दिखाई दिए। शुक्रवार की दोपहर आमतौर पर शुष्क ही रही।