script

जन्म-मृत्यु पंजीयन का लॉक डाउन

locationबीकानेरPublished: May 18, 2021 11:04:52 am

एक पखवाड़े से नहीं बन रहे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र
 

जन्म-मृत्यु पंजीयन का लॉक डाउन

जन्म-मृत्यु पंजीयन का लॉक डाउन

बीकानेर. शहर में कोरोना संक्रमण के बढ़ रहे फैलाव के बीच नगर निगम संबंधित कई सेवाएं और कार्यो पर भी लॉक डाउन की स्थिति है। करीब एक पखवाड़े से निगम की ओर से न जन्म-मृत्यु और ना ही विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे है। प्रमाण पत्र के लिए आने वाले लोगों की भीड़ से कोरोना संक्रमण का फैलाव न हो इसको लेकर निगम की ओर से निगम मुख्य कार्यालय में आगन्तुकों के प्रवेश पर भी सख्ती बरती जा रही है। बच्चों के जन्म और परिजनों की मृत्यु पर लोग जन्म और मृत्यु संबंधित प्रमाण पत्र बनवाना चाहते है, लेकिन ऑनलाइन आवेदन और प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया भी पूरी तरह से पटरी पर नहीं होने के कारण लोग जन्म और मृत्यु प्रमाण घर बैठे भी नहीं बनवा पा रहे है।

 

अस्पताल में जन्म व मृत्यु पर ऑनलाइन पंजीयन संभव
जन्म -मृत्यु से संबंधित सभी आवेदनों पर प्रमाण पत्र जारी करना ऑनलाइन प्रक्रिया से संभव नहीं है। निगम जानकारी अनुसार जिन बच्चों का जन्म किसी अस्पताल में हुआ है और उसकी जानकारी ऑनलाइन की हुई है, उनका ऑनलाइन प्रमाण पत्र जारी किया जा सकता है। इसी प्रकार अगर किसी व्यक्ति की मृत्यु किसी अस्पताल में हुई है और अस्पताल की ओर से ऑनलाइन जानकारी अपलोड की हुई तो उनका मृत्यु प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी किया जा सकता है। घर पर मृत्यु होने की स्थिति में ऑनलाइन प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा सकता है। इसके लिए परिजनों को आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करनी आवश्यक होती है।

 

विवाह पंजीयन ऑनलाइन संभव नहीं
विवाह पंजीयन के लिए हालांकि आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है, लेकिन ऑनलाइन विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी करना संभव नहीं है। विवाह पंजीयन प्रक्रिया के तहत पति और पत्नी दोनों को नगर निगम में उपस्थित होना आवश्यक है। विवाह पंजीयन शाखा में आवश्यक उपस्थिति व दस्तावेज प्रक्रिया के बाद ही विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी हो सकता है।

 

376 प्रमाण पत्र जारी
निगम की ओर से कोरोना को लेकर लागू हुए जन अनुशासन पखवाड़े के तहत 20 अप्रेल से 3 मई तक जन्म-मृत्यु के 376 प्रमाण पत्र जारी किए गए। इस दौरान विवाह पंजीयन के 26 प्रमाण बनाए गए थे।


कर सकते है ऑनलाइन आवेदन
जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीयन के लिए आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। बीकानेर नगर निगम की वेब साइट से आवेदन फार्म डाउनलोड कर सकते है। ई मित्र और पहचान पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते है।

 

कोरोना संक्रमण का न हो फैलाव
राज्य सरकार की ओर से जारी कोरोना गाइडलाइन की पालना के तहत कोरोना संक्रमण का फैलाव न हो इसको लेकर एक बार अस्थायी रूप से कुछ दिनों के लिए जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीयन कार्य को रोका गया है। आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। पंजीयन कक्षों में रहने वाली भीड़ से कोरोना संक्रमण फैलाव की संभावना बनी रहती है। अगर किसी प्रकरण में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाना आवश्यक है तो प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की जा सकती है।
पंकज शर्मा, उपायुक्त नगर निगम बीकानेर

ट्रेंडिंग वीडियो