बीकानेर

पार्षदों का छलका दर्द, महापौर भी नहीं सुन रही उनकी बात

प्रदेश पदाधिकारियों की पार्षदों के साथ बैठक
 

बीकानेरJul 11, 2021 / 06:30 pm

Vimal

पार्षदों का छलका दर्द, महापौर भी नहीं सुन रही उनकी बात

बीकानेर. नगर निगम में भाजपा का बोर्ड होने के बाद भी भाजपा पार्षदों के वार्ड में विकास कार्य नहीं होने व निगम में सुनवाई नहीं होने का मुद्दा शनिवार को स्टेशन रोड स्थित होटल में हुई बैठक में उठा। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व बीकानेर संभाग प्रभारी माधोराम चौधरी व प्रदेश मंत्री विजेन्द्र पूनिया की मौजूदगी में कई भाजपा पार्षदों ने बैठक के बाद अलग से व्यक्तिगत मुलाकात कर अपनी पीड़ा बताई। बताया जा रहा है कि इस दौरान कई पार्षदों ने निगम में उनके काम तथा सुनवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया। एक पार्षद ने कहा कि महापौर, आयुक्त सहित निगम अधिकारियों को बार-बार कहने के बाद भी पार्षदों की सुनवाई नहीं हो रही है। कई पार्षदों ने अलग से की मुलाकात के दौरान भी आमजन के काम नहीं होने का मुद्दा उठाया।

भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों ने भी महापौर, उप महापौर और भाजपा पार्षदों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और संवाद बनाए रखने की नसीहत दी। हालांकि बैठक के बाद प्रदेश पदाधिकारी माधोराम चौधरी ने पार्षदों की ओर से काम नहीं होने व सुनवाई नहीं होने की बात रखने से इनकार किया। लेकिन बैठक में मौजूद कई पार्षदों ने काम नहीं होने व सुनवाई नहीं होने के मुद्दों को रखे जाने की बात कही। बैठक में महापौर, उप महापौर, भाजपा पार्षद, शहर जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

निकायों के अधिकार छीन रही कांग्रेस सरकार

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व बीकानेर संभाग प्रभारी माधोराम चौधरी ने कहा कि प्रदश की कांग्रेस सरकार स्थानीय निकायों के अधिकार छीन रही है। यह अनुचित और अलोकतांत्रिक है। निगमों में महापौर के पास फाइलें नहीं जा रही है। आयुक्त के पास फाइलंे जा रही है। उन्होंने बताया कि संगठन की नियमित बैठकों के क्रम में शनिवार को निगम पार्षदों के साथ बैठक की गई। उन्होंने पार्षदों से प्रदेश सरकार की ओर से स्थानीय निकायों के छीने जा रहे अधिकारों को लेकर मुखर होकर बात रखने के लिए कहा है।

Home / Bikaner / पार्षदों का छलका दर्द, महापौर भी नहीं सुन रही उनकी बात

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.