बीकानेर

नगर निगम अब हर घर से लेगा एक रोटी

coronavirus- ऑटो टिप्पर के माध्यम से होगी संग्रहितश्वानों व बेसहारा गोवंश को खिलाएगा निगम

बीकानेरApr 04, 2020 / 10:40 pm

Vimal

नगर निगम अब हर घर से लेगा एक रोटी

बीकानेर. कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर चल रहे लॉक डाउन का अधिक असर बेसहारा घूम रहे पशुओं, श्वानों और पक्षियों पर अधिक दिखाई दे रहा है। लोगों के घरों में रहने और बाहर बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर पसरे सन्नाटों के कारण इन बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए भोजन की समस्या हो रही है।

 

निगम क्षेत्र में गली, मोहल्लों से लेकर बाहरी क्षेत्रों तक रह रहे पालतु पशुओं, श्वानों और बेसहारा गोवंश के लिए निगम अब हर घर से एक रोटी की मांग करेगा। निगम आयुक्त डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि निगम अपने ऑटो टिप्पर के माध्यम से घर-घर कचरा संग्रहण के दौरान हर घर से एक रोटी की मांग करेगा। घरों से उपलब्ध होने वाली रोटियों को बेसहारा गोवंश और श्वानों को खिलाई जाएगी। घर-घर कचरा संग्रहण के दौरान घरों से प्राप्त रोटियों को ऑटो टिप्पर में बनाए गए अलग से बॉक्स में संग्रहित की जाएगी।

 


आमजन-दानदाताओं को निगम कर रहा प्रेरित
लॉक डाउन के दौरान पशु-पक्षी भूखे प्यासे न रहे इसके लिए नगर निगम आमजन, स्वयंसेवी संस्थाओं और दानदाताओं को प्रेरित कर रहा है। आयुक्त ने बताया कि पालतु पशु, पक्षी लोगों के घरों में रहने के दौरान बिना भोजन और पानी के न रहे, इसकी लिए हम सभी मिलकर पशु-पक्षियों के लिए भोजन, चारा, दाना-पानी की व्यवस्था करें। निगम अपने स्तर पर प्रयास कर रहा है। कई सेवाभावी लोग इस पुनीत कार्य को करने के लिए आगे भी आए है। इस अच्छे और नेक कार्य के लिए आमजन, संस्थाओं, दानदाताओं से सहयोग की अपेक्षा है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.